डीएवी को अंतरराष्ट्रीय स्कूल पुरस्कार
पटना | डीएवीपब्लिक स्कूल, शास्त्रीनगर को अंतरराष्ट्रीय स्कूल पुरस्कार से नवाजा गया है। प्रिंसिपल डॉ. रामानुज प्रसाद की अगुवाई में स्कूल की तीन सदस्यीय टीम ने दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में यह पुरस्कार प्राप्त किया। यह पुरस्कार ब्रिटिश काउंसिल के कनेक्टिंग क्लासरूम के तहत शिक्षा को वैश्विक आयाम देने के लिए विश्व के अन्य देशों के साथ साझा प्रयास कर विभिन्न परियोजनाओं पर कार्य करने के लिए दिया गया है। ब्रिटेन के स्कूल सेंट निकोलस चर्च के साथ डीएवी ने कला एवं संस्कृति को लेकर साझा प्रयास चलाया है। इसके अलावा इजरायल और नेपाल के कई स्कूलों के साथ भी साझा प्रोग्राम चलाया जा रहा है। प्रिंसिपल डॉ. प्रसाद ने बताया कि यह बिहार का पहला स्कूल है जिसे पार्टनरशिप ग्रांट के तहत ब्रिटिश काउंसिल ने ग्रांट दिया है। उन्होंने बताया कि बिहार में यह स्कूल मेंटर स्कूल के रूप में काम करेगा। इसके तहत जितने भी स्कूल ब्रिटिश काउंसिल से रजिस्टर्ड हैं, उनके कार्यों का निरीक्षण अब डीएवी की तरफ से होगा।