विद्युत अभियंता कर्मी 18 से हड़ताल पर
पटना| सेवानियमित करने की मांग को लेकर अनुबंध पर बहाल 4000 विद्युत अभियंता, कर्मचारी मानव-बल ने 18 फरवरी से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का एलान किया है। इस कारण राज्य की बिजली सप्लाई 18 फरवरी की सुबह 6 बजे ठप हो जाएगी। हड़ताल विद्युत कर्मी संयुक्त संघर्ष मोर्चा के बैनर तले होगा। मोर्चा के सचिव संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि 2006-07 में केन्द्रीय स्तर पर साक्षात्कार लेकर बहाली की गई थी। इन अभियंताओं की सेवा नियमित करने के बजाए 2009, 2011, 2012, 2014 में नए अभियंताओं की बहाली कर दी गई। लेकिन, 8 वर्षों से राज्य के विभिन्न जिलों में कार्यरत अनुबंध पर बहाल सहायक अभियंता, कनीय अभियंता, कर्मचारी मानव बल भूखे मरने को विवश है।