पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • विवि शिक्षक नियुक्ति में नेट और सेट उत्तीर्ण है पात्रता, बेट नहीं

विवि शिक्षक नियुक्ति में नेट और सेट उत्तीर्ण है पात्रता, बेट नहीं

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
विश्वविद्यालय शिक्षक नियुक्ति में नेट (राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा) और सेट (राज्य पात्रता परीक्षा) उत्तीर्ण अभ्यर्थी को इस नौकरी के लिए योग्य माना गया है। बिहार लोक सेवा आयोग द्वारा 13 सितंबर को जारी विज्ञापन में इसका उल्लेख है। लेकिन, बिहार में सेट का आयोजन एक बार भी नहीं हुआ है। बिहार में बेट (बिहार पात्रता परीक्षा) का आयोजन 1995, 1997 और 1998 में जरूर हुआ था, लेकिन बेट उत्तीर्ण को बिहार लोक सेवा आयोग ने इस नियुक्ति में पात्रता नहीं माना है। आयोग के अधिकारी स्पष्ट बताते हैं कि विज्ञापन में सेट की चर्चा है, बेट की नहीं। बेट उत्तीर्ण को राज्य सरकार ने ही योग्य नहीं बताया है। ऐसे में बेट उत्तीर्ण को नियुक्ति में मौका नहीं दिया जा सकता है। विदित हो कि विश्वविद्यालय संशोधन एक्ट, 2013 में सेट का जिक्र है, लेकिन इसका आयोजन एक बार भी नहीं किया गया है।

अन्य राज्यों का सेट मान्य नहीं

अन्यराज्यों का सेट भी मान्य नहीं है। अर्थात कोई अभ्यर्थी बिहार छोड़ किसी अन्य राज्य के सेट में उत्तीर्ण हुए हैं, तो उन्हें नियुक्ति के लिए योग्य नहीं माना जाएगा। सिर्फ नेट उत्तीर्ण ही किसी राज्य के होंगे, तो वे योग्य माने जाएंगे। नेट से छूट सिर्फ उन्हीं को दी गई है, जो यूजीसी के 2009 के रेगुलेशन के अनुसार पीएचडी की हो। हालांकि, बिहार में इस रेगुलेशन से उत्तीर्ण अभ्यर्थी नहीं हैं। यह बिहार में 2012 के अंत में लागू ही हुआ है।

सेट और बेट को लेकर अभ्यर्थियों में भ्रम की स्थिति है। कई अभ्यर्थी इसे लेकर शिक्षा विभाग के अधिकारी से भी मिले। उनका कहना है कि सेट और बेट एक ही चीज है। सेट उत्तीर्ण को मौका दिया जा सकता है, तो बेट उत्तीर्ण को क्यों नहीं।

3364 पदों पर नियुक्ति के लिए बीपीएससी ने विज्ञापन जारी किया है। 11 साल के बाद राज्य में विश्वविद्यालयों शिक्षकों की नियुक्ति हो रही है। हालांकि, शिक्षकों के करीब सात हजार पद खाली हैं।