एसडीओ कार्यालय का घेराव, प्रदर्शन
प्रतिमाओं का विसर्जन स्थल भद्रघाट करने की मांग
पटना सिटी |देवी प्रतिमाओंका विसर्जन स्थल भद्रघाट ही निर्धारित किए जाने की मांग को लेकर श्री नवयुवक समिति के बैनर तले विभिन्न पूजा समितियों ने सोमवार को एसडीओ कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया।
बाद में पूजा समितियों का एक प्रतिनिधिमंडल एसडीओ केके प्रसाद से मिल कर ज्ञापन सौंपा है। दिन में करीब दो बजे 500 से अधिक महिला पुरुषों ने एसडीओ कार्यालय का घेराव कर नारेबाजी शुरू कर दी। समिति के अध्यक्ष लल्लू शर्मा ने कहा कि प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर प्रशासन की नीति स्पष्ट नहीं है, जिस कारण पूजा समितियों में आक्रोश है। सुबह समिति का एक प्रतिनिधि मंडल डीएम से मिल कर निर्धारित स्थल पर विजर्सन कराए जाने का अनुरोध किया है। समिति के सदस्यों का कहना है कि प्रशासन की ओर से जवाब नहीं मिलने पर ही एसडीओ कार्यालय का घेराव किया गया है। घेराव में कुम्हार पूजा समिति के परशुराम, काली कला मंदिर के अनिल यादव, भारत माता पूजा समिति के सुरेंद्र चौधरी, गुरहट्टा के अजय, लंगरू अखाड़ा के विनय केसरी, वार्ड पार्षद गुलफिशा, विनोद गुप्ता, मो कलीमउद्दीन,नरेंद्र नाथ, मिथिलेश कुमार, संजय कुमार, शशि शर्मा, फूलन देवी, चंदा देवी, राजू साव, उदय सिन्हा सहित काफी संख्या में लोग शामिल थे। बाद में एसडीओ केके प्रसाद को ज्ञापन सौंपा है। एसडीओ ने बताया कि भद्र घाट पर चाली निर्माण किए जाने का आदेश दिया जा चुका है।