पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • पांच सीओ, दो बीडीओ को नोटिस, जवाब मांगा

पांच सीओ, दो बीडीओ को नोटिस, जवाब मांगा

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जिलाप्रशासन ने जन शिकायत कोषांग के तहत आने वाले मामलों में कोताही बरतने के आरोप में दो प्रखंड विकास पदाधिकारी और तीन अंचलाधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा है। मुख्यमंत्री जनता दरबार से प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की समीक्षा की गई। प्रशासन को जानकारी मिली कि बीडीओ मसौढ़ी पंडारक द्वारा 15 दिनों में एक भी आवेदन का निष्पादन नहीं हो पाया है। इसके अलावा सीओ पुनपुन, अथमलगोला, पटना सदर, बिहटा बिक्रम के सीओ के स्तर पर भी आवेदनों का निष्पादन नहीं हो पा रहा है। डीएम ने इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए दोनों बीडीओ पांच सीओ से स्पष्टीकरण मांगा है।

डीएम अभय कुमार सिंह ने कहा कि एसडीओ पालीगंज, डीसीएलआर पटना सदर, डीसीएलआर पटना सिटी और डीसीएलआर मसौढ़ी के स्तर पर जन शिकायतों के निष्पादन की गति काफी धीमी है। डीएम ने इन पदाधिकारियों को कार्य में ढिलाई बरतने के लिए माफीनामा मांगा है। डीएम ने सभी पदाधिकारियों को सचेत किया कि मुख्यमंत्री जनता दरबार, राज्य स्तरीय विभागों, आयुक्त जिला स्तर पर प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की हर रोज जिला स्तर पर समीक्षा की जा रही है। इसलिए प्रखंड स्तर पर लंबित आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई कर इसका निष्पादन सुनिश्चित करें। वहीं, भूमि बंदोबस्ती प्रक्रिया में उदासीनता बरतने के आरोप में डीएम ने फुलवारी के सीओ का एक दिन का वेतन काटने का आदेश दिया है।

डीएम ने लोक सेवाओं का अधिकार अधिनियम (आरटीपीएस) की समीक्षा के क्रम में पाया कि बख्तियारपुर बाढ़ में भारी संख्या में जाली कागजात के आधार पर आवेदन किया गया। दोनों बीडीओ ने बताया कि करीब 40 फीसदी आवेदकों के कागजात फर्जी थे। डीएम ने इसे गंभीर मानते हुए अस्वीकृत आवेदनों के आवेदकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। समीक्षा में यह मामला सामने आया कि जिला स्तर के नोडल पदाधिकारियों द्वारा आवंटित प्रखंड का निरीक्षण नियमित तौर पर नहीं किया जा रहा है। बिहटा के नोडल पदाधिकारी जिला भू-अर्जन पदाधिकारी एनामुल हक सिद्दीकी, दानापुर की नोडल पदाधिकारी वरीय उप समाहर्ता मनोज झा, मनेर की नोडल पदाधिकारी वरीय उप समाहर्ता नीतू सिंह और मसौढ़ी के नोडल पदाधिकारी नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी प्रह्लाद लाल द्वारा पिछले सप्ताह आवंटित प्रखंड का निरीक्षण किए जाने का मामला सामने आया। डीएम ने इन पदाधिकारियों से माफीनामा देने को कहा है।