- Hindi News
- होमगार्ड डीजी वार्ता फेल, हड़ताल पर डटे रहेंगे गृहरक्षक
होमगार्ड-डीजी वार्ता फेल, हड़ताल पर डटे रहेंगे गृहरक्षक
भास्कर न्यूज | पटना सिटी/पटना
समानकाम के बदले समान वेतन की मांग कर रहे गृहरक्षकों का प्रतिनिधि मंडल मंगलवार को होमगार्ड डीजी अभयानंद से मुलाकात की लेकिन बात नहीं बनी। इसके बाद बिहार रक्षा वाहिनी स्वयं सेवक संघ ने तीसरे दिन भी हड़ताल जारी करने का एेलान किया है। संघ के उपाध्यक्ष कन्हैया राय ने कहा कि सरकार की गलत नीतियों के कारण हड़ताल के दूसरे दिन 35 हजार होमगार्ड के जवान कार्य से अलग रहे। इस कारण बैंक, ट्रैफिक, संचार भवन, विद्युत कंपनी, नगर निगम, थाना सहित कई महत्वपूर्ण स्थान आम नागरिकों के भरोसे रहा।
उपाध्यक्ष ने कहा कि सरकार गृह रक्षकों को समान काम के बदले समान वेतन देने, उम्रसीमा 58 से बढ़ाकर 60 वर्ष करने, गृह रक्षा वाहिनी विभाग में तृतीय एवं चतुर्थ वर्गीय पदों पर गृहरक्षकों का समायोजन करने, गृह रक्षकों की ड्यूटी सुनिश्चित कर 50 रुपया प्रतिदिन नाश्ता भत्ता देने एवं महंगाई के अनुसार दैनिक भत्ता 300 रुपए से बढ़ाकर 500 रुपए करने का एेलान नहीं करती तब तक चरणबद्ध आंदोलन चलता रहेगा। सरकार 8 दिसंबर से 12 दिसंबर तक होने वाली हड़ताल के दौरान मांग पूरा नहीं करती तो 15 दिसंबर को पटना के गांधी मैदान से गृहरक्षकों का महारैला आर ब्लॉक पहुंचेगा। यहां पर करो या मरो के नारे के साथ बिहार विधानसभा के समक्ष अनिश्चितकालीन अनशन शुरू होगा।
इस मौके पर कार्यकारी अध्यक्ष देशबंधु आजाद, उपाध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद, महासचिव सुदेश्वर प्रसाद, हरेन्द्र सिंह, राम विनय वर्मा, सतेन्द्र सिंह, सियाराम शर्मा, सतो मंडल, बटेश्वर राम, शिवाजी प्रसाद गुप्ता सहित दर्जनों नेता उपस्थित थे।
बिहार गृह रक्षा वाहिनी स्वयंसेवक कल्याण संघ के अध्यक्ष बीरेंद्र कुमार ने बताया कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। आंदोलन की सफलता के लिए संघ के अध्यक्ष के साथ-साथ उदय शंकर त्रिपाठी, राम बाबू शर्मा, तेजनारायण पासवान, शिवजी महतो, योगेंद्र चौपाल, उपेंद्र कुमार, नसीब लाल, सुरेंद्र कुमार धर्मवीर कुमार ने भ्रमण किया। इस बीच राजद प्रदेश महासचिव भूपाल भारती ने होमगार्ड के जवानों के हड़ताल का समर्थन किया है।