शिक्षिका से छेड़खानी दो आरोपी गिरफ्तार
करबिगहिया स्टेशन की घटना
मोकामामें पदस्थापित अनीसाबाद निवासी 30 वर्षीय शादीशुदा शिक्षिका के साथ करबिगहिया स्टेशन के बाइक स्टैंड में काम करने वाले सुधीर और रजनीकांत ने सभी हदें पार कर दी। दोनों फतुहा के रहने वाले हैं। पिछले 15 दिनों से लगातार छेड़खानी को बर्दाश्त कर रही शिक्षिका के सब्र का बांध बुधवार को टूट गया। इसके बाद उसने जक्कनपुर थाने में दोनों के खिलाफ मामला दर्ज करा दिया। हरकत में आई पुलिस ने गुरुवार को दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
शिक्षिका ने पुलिस को बताया कि वह अनीसाबाद से रोजाना करबिगहिया आती है। फिर ट्रेन से मोकामा जाती है। शाम को वापस लौटती है। दोनों वक्त उसके साथ सुधीर और रजनीकांत छेड़खानी करते थे। उसके आते ही बाइक उसके रास्ते में लगा देना, फब्तियां कसना, अश्लील इशारे करना, दोनों ने अपनी रूटीन बना ली थी। कई बार उन्होंने विरोध किया, लेकिन दोनों ने अपनी हरकत नहीं छोड़ी। उलटे उसके वापस लौटने के समय दोनों स्टेशन के बाहर उसका इंतजार करते रहते थे। थक कर उसने पुलिस से शिकायत की।