- Hindi News
- स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लेने से किया इनकार
स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लेने से किया इनकार
विधानसभाअध्यक्ष उदय नारायण चौधरी के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश होने के पहले खारिज हो गया। विधानसभा के प्रभारी सचिव हरेराम मुखिया ने उसे स्वीकार करने से ही इनकार कर दिया। निर्दलीय विधायक पवन जायसवाल ने यह प्रस्ताव पेश किया था।
सचिव के कमरे में इस पर एक घंटे से अधिक समय तक बहस होती रही। मौके पर ज्ञानेंद्र सिंह ज्ञानू, अजय प्रताप, सुमित सिंह, राहुल शर्मा और रवींद्र राय भी मौजूद थे। सचिव ने कहा कि प्रस्ताव विधिवत प्रारूप में नहीं था। उसमें कई बातों का समावेश एकसाथ कर दिया गया था। इसका कोई संबंध अविश्वास प्रस्ताव से नहीं था। नियमसंगत होने के कारण उसे स्वीकार करना संभव था। जायसवाल ने इसपर आपत्ति की और कहा कि सचिव विधानसभा के सचिव के रूप में काम नहीं कर रहे। वे खास एजेंडा पर काम कर रहे हैं। उधर, ज्ञानेंद्र सिंह ज्ञानू ने कहा कि उन्हें विधानसभा अध्यक्ष से न्याय की उम्मीद नहीं है। वे जदयू एजेंट के रूप में काम कर रहे हैं। वोटिंग में भी वे गड़बड़ कर सकते हैं। उन्होंने राज्यपाल को भी हमारे सदस्यता के संदर्भ में गलत जानकारी दी और उन्हें बता दिया कि कोर्ट ने हमारी सदस्यता बहाल करने पर स्टे दे दिया है। लिहाजा, उन्हें तत्काल हटाकर उपाध्यक्ष के समक्ष वोटिंग कराई जाए। इसके लिए पर्यवेक्षक भी तैनात किया जाए। राहुल शर्मा ने कहा कि जो व्यक्ति कोर्ट की बात नहीं मानता, वह संविधान के साथ भी खिलवाड़ कर सकता है।