- Hindi News
- बिहारी छात्रों की सुरक्षा में मणिपुर राइफल्स तैनात
बिहारी छात्रों की सुरक्षा में मणिपुर राइफल्स तैनात
एनआईटीमणिपुर में बिहारी छात्रों की सुरक्षा सीआरपीएफ और मणिपुर राइफल्स को सौंपी गई है। बिहार से गए अधिकारियों और एनआईटी मणिपुर के डायरेक्टर के बीच कई चरणों की बैठक के बाद छात्रों की छुटि्टयां भी बढ़ा दी गई हैं। अब 25 सितंबर से ही उनकी छुट्टी शुरू हो जाएगी। पहले उनकी छुट्टी 3 से 6 अक्टूबर तक ही थी।
बिहार सरकार की पहल पर मणिपुर भेजे गए निगरानी विभाग के प्रधान सचिव सी. लालसोता और आईजी स्पेशल ब्रांच जितेन्द्र सिंह गंगवार ने प्रबंधन के अलावा बिहारी छात्रों से भी कई बार बात की है। गुरुवार को आईजी स्पेशल ब्रांच ने फोन पर बताया कि मामला सुलझा लिया गया है। हॉस्टल से कॉलेज छोड़ने के लिए छात्रों को सुरक्षा दी जाएगी। 25 तारीख को ट्रेन तक छोड़ने के लिए भी फोर्स आएगी। आईजी ने कहा कि मेस में लाइन लगने को लेकर विवाद हुआ था। बिहार के छात्रों के लिए अलग मेस की भी व्यवस्था की जा रही है जहां नार्थ इंडियन खाना मिलेगा। इसके अलावा हिन्दी टीवी चैनल और हिन्दी अखबार की भी सुविधा दी जाएगी। आईजी ने बिहारी छात्रों के साथ हॉस्टल में बैठकर खाना खाया और उनकी बात सुनी। उन्हें समझाया और निर्भीक होकर पढ़ाई करने की बात कही। उन्होंने कहा कि बिहारी छात्रों को डरने की जरूरत नहीं है।