पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • नीतीश के घर तक पहुंचीं सौ नर्सें सुरक्षा घेरा तोड़कर किया प्रदर्शन

नीतीश के घर तक पहुंचीं सौ नर्सें सुरक्षा घेरा तोड़कर किया प्रदर्शन

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
अतिसंवेदनशील 7 सर्कुलर रोड में सुरक्षा व्यवस्था को धता बताकर राज्य के अलग-अलग जिलों से आईं सौ से अधिक नर्स सोमवार को पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आवास तक पहुंच गईं। सुरक्षा घेरा तोड़ कर दो घंटे तक प्रदर्शन किया। सचिवालय पुलिस नर्सों के साथ दो घंटे तक जूझती रही। आखिरकार नर्सों के आगे झुकी पुलिस ने उनकी बात पूर्व सीएम तक पहुंचायी, लेकिन अंदर से फरमान आया कि वे नहीं मिलना चाहते। इससे नाराज नर्सों ने नारेबाजी शुरू कर दी। पर्याप्त संख्या में महिला सिपाही नहीं होने के कारण नर्सों के प्रदर्शन के आगे पुलिस बेबस रही। डीएसपी डॉ. शिबली नोमानी ने प्रदर्शनकारियों से थाने चलकर अपनी बात कहने को कहा, लेकिन नर्सों ने इनकार कर दिया। महिला सिपाहियों के पहंुचने के बाद उनके साथ भी नर्सों ने धक्का-मुक्की की। नर्सों को जबरन बस में बिठाने की कोशिश भी विफल रही। बाद में नीतीश कुमार मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए सभी नर्स वहां से खुद चली गयीं।

सोमवार को जब नर्स प्रदर्शन कर रही थीं, उस समय नीतीश कुमार के साथ जदयू कार्यकर्ताओं की बैठक शुरू होने वाली थी। लिहाजा कार्यकर्ता वहां पहुंच रहे थे। इनमें कुछ विधायक भी शामिल थे। प्रदर्शन के कारण अलग-अलग जिलों से आये कार्यकर्ताओं को भी आवास में प्रवेश के दौरान परेशानी हुई।

अपनी मांग लेकर नर्स पहले सीएम जीतनराम मांझी के आवास पर पहुंची। उनकी अनुपस्थिति में सभी नीतीश कुमार के आवास गईं। नर्स सुबह साढ़े 10 बजे से ही एक-दो की संख्या में आवास के बाहर जमा हो रही थी।

एएनएम की मांग थी कि जिस तरह पीएमसीएच में अस्थायी नर्सों को नियमित किया जा रहा है उसी तर्ज पर उन्हें भी नियमित किया जाए। अपनी इस मांग को वे पूर्व सीएम तक पहुंचाना चाहती थीं।

नीतीश कुमार के आवास के बाहर प्रदर्शन कर रहे नर्सों को हटाती महिला पुलिस।