- Hindi News
- टूट गईं नलों की टोटियां, ट्रैक पर टेंट; कैसे होगा उद्घाटन
टूट गईं नलों की टोटियां, ट्रैक पर टेंट; कैसे होगा उद्घाटन
पाटलिपुत्र जंक्शन के उद्घाटन की कोशिश फिर से चल रही है। दशहरे के दिन, यानी 3 अक्टूबर को उद्घाटन की तिथि भी घोषित कर दी गई है, पर इसकी तैयारी जैसी कोई बात नहीं दिखती। कहीं कोई चहल-पहल नहीं। हर तरफ सन्नाटा और जंक्शन की बदहाली दिखी। उधर, पाटलिपुत्र जंक्शन की दक्षिण तरफ तीन किमी दूर स्थित जलालपुर गांव के सामने ट्रैक पर टेंट-पंडाल बनाकर लोग धरने पर बैठे हैं। ग्रामीणों ने कहा कि सड़क नाले के साथ लेवल क्रॉसिंग की मांग पूरी होने तक जंक्शन का उद्घाटन नहीं होने दिया जाएगा। इस बार आर-पार की लड़ाई है।
पाटलीपुत्रा स्टेशन
पटरियों केनीचे बिजली के तार
जंक्शन की पश्चिम तरफ नहर से सटे दूर तक दलित बस्ती बसी हुई है। यहां के लोगों ने पूरब की तरफ से पोल से बिजली का तार जोड़ रखा है। तार को पटरियों के नीचे गिट्टी में छिपाकर जंक्शन के एक ओर से दूसरी आेर ले जाया गया है। ऐसे में अगर ट्रेन चली, तो इससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
प्लेटफार्म पर जहां-तहां आवारा कुत्ते आराम फरमाते नजर आते हैं। वीआईपी वेटिंग रूम के बाहर भी इन्होंने डेरा जमा रखा है। ट्रेनों में पानी उपलब्ध कराने के लिए लगी पाइप से लोग कपड़े धोते दिखे। ट्रैक के ऊपर लगी बैरिकेडिंग पर कपड़े सुखाए जाते हैं। बाथरूम के करीब-करीब सभी यूरिनल उखड़ गए हैं। टॉयलेट भी टूटा हुआ है। पेयजल के लिए लगे नल भी लोग उखाड़ ले गए हैं। प्रवेश द्वार पर लगी रंग-बिरंगी पेटिंग पोस्टर भी ले गए हैं। प्लेटफॉर्म पर लगा हाथी चापाकल भी ध्वस्त हो गया है।