मोबाइल पर नौकरी की सूचना
श्रमसंसाधन विभाग की नियोजन शाखा अधिक से अधिक बेरोजगारों का पंजीकरण कराने के लिए गैर सरकारी संगठनों की मदद लेगी। इसके लिए नियोजन शाखा संगठनों से समझौता करेगी। ऑनलाइन निबंधन के बाद बेरोजगारों को नियोजन कार्यालय के पोर्टल पर जॉॅब सर्च की सुविधा मिलेगी। उनको समय-समय पर मोबाइल पर मैसेज के जरिए नौकरी की सूचना भी दी जाएगी। नियोजन शाखा के उप निदेशक निर्मल कुमार झा ने बताया कि राज्य में 70 प्रतिशत लोगों को इंटरनेट की जानकारी नहीं होती। ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा के बाद भी बेरोजगार निबंधन नहीं करा पाते। ऐसे में विभाग गैर सरकारी संगठनों में समझौता होने के बाद अधिक से अधिक लोगाें का निबंधन कराया जाएगा। संगठन बेरोजगारों और नियोजन विभाग के बीच सेतु का काम करेंगे। ऑनलाइन पोर्टल पर निबंधन होने के बाद उन्हें विभाग की ओर से पंजीकरण कंपनियों के माध्यम से जॉब सर्च करने की भी सुविधा दी जाएगी।
इस वर्ष 53 हजार को नौकरी
श्रमसंसाधन विभाग की नियोजन शाखा की ओर से राज्य में आयोजित नियोजन कैंप में वर्ष 2014 में 53 हजार लोगों को नौकरी मिली है। विभाग के अधिकारी बताते हैं कि वर्ष 2014 में एक लाख लोगों को रोजगार दिलाने का लक्ष्य है। वहीं अब तक कुल आठ लाख बेरोजगार लोगों का निबंधन कराया जा चुका है।
पहले पंजीकरण कराना होगा
नियोजनशाखा और गैर सरकारी संगठनों में समझौता होने के बाद कई सुविधाओं में विस्तार किया जाएगा। संगठन लोगों को एक नंबर जारी करेगा। लोगों को पंजीकरण कराने के लिए उस पर काॅल करनी होगी। इसके बाद पंजीकरण होगा। फिर निबंधितों को मोबाइल पर मैसेज से नौकरी की सूचना दी जाएगी। विभाग इसपर विचार कर रहा है।
पोर्टल पर होंगे विशेषज्ञ भी
बेरोजगारोंके निबंधन के बाद नियोजन कार्यालय के पोर्टल पर विशेषज्ञों की टीम और उनके सुझाव को भी डाला जाएगा। उप निदेशक ने बताया कि पोर्टल पर विशेषज्ञों के सुझाव इसलिए रखे जाएंगे कि निबंधित बेरोजगारों को इच्छुक क्षेत्र में जाने के लिए सही जानकारी मिल सके। इसके लिए नियोजन कार्यालय की वेबसाइट को विकसित किया जाएगा।