- Hindi News
- हर हर गंगे...दीघा के रामजी चक घाट पर गंगा आरती
हर हर गंगे...दीघा के रामजी चक घाट पर गंगा आरती
हरहर गंगे... के जयघोष के साथ भव्य आरती। इससे पहले गंगा मईया का विधिपूर्वक पूजन। फिर भजन जय जो भागीरथ नंदनी तेरी सदा ही जय हो...। शंख नाद और घड़ी घंट की आवाज के बीज गंगा मईया की जय हो... का सामूहिक जयघोष। मंगलवार की शाम दीघा के रामजीचक गंगा घाट पर गंगा महा आरती के दौरान बनारस के गंगा घाटों सा दृश्य साकार हुआ। दीघा के स्थानीय लोग बड़ी संख्या में जुटे। महिलाएं ज्यादा थीं। आरती बनारस से आए पंडित हेमंत भादुड़ी के नेतृत्व में पंडित हरे कृष्णा दास की टीम ने संपन्न कराया। 1100 दिये जलाए गए।
इस दौरान मंच से लोगों को गंगा में कचरा नहीं डालने और साफ-स्वच्छ रखने का संकल्प दिलाया गया। लोगों ने खड़े होकर गंगा को साफ-स्वच्छ रखने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि गंगा सदियों से प्रेरणा का स्रोत रही है। इसकी निर्मलता पूरे देशवासियों की जिम्मेवारी रही है। गंगा की स्वच्छता हमारे मन की स्वच्छता का प्रतीक है। मन की स्वच्छता के बिना किसी भी शास्त्र का निर्माण संभव नहीं है। आयोजन समिति के संयोजक इंजीनियर संजय सिंह ने बताया कि निर्मल गंगा, स्वच्छ समाज और समृद्ध भारत इस अभियान का उद्देश्य है। दीघा के रामजीचक घाट पर पहली बार गंगा आरती का आयोजन हुआ है, लेकिन अब हर साल गंगा आरती होगी। इस मौके पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मंगल पाण्डेय, विधायक नितिन नवीन, नगर पर्षद उपाध्यक्ष राजकिशोर यादव, आयोजन समिति के राजाराम पाण्डेय, रविंद्र ठाकुर, आनंद सिंह, प्रमोद सिंह, अरविंद ने विचार रखे।
दीघा में गंगा आरती करते हुए