अभयानंद ने बच्चों को दिए स्मार्ट टिप्स
एकक्लास में दस बच्चे हैं। सभी बच्चे अगर एक-दूसरे से हाथ मिलाए तो कितनी बार हाथ मिलाया जाएगा? बच्चे सवाल का जवाब ढूंढने में लग गए। सभी एक-दूसरे की मदद ले रहे थे। अंत में डीजी होमगार्ड अभयानंद ने बच्चों को ऐसा ट्रिक बताया कि इस तरह के सवाल वे पलक झपकते ही सॉल्व कर लेंगे। ऐसे ही कई स्मार्ट ट्रिक्स और साइंस के एप्लीकेशन बेस्ड नॉलेज बुधवार को अभयानंद ने राजा बाजार में शैक्षणिक अभियान के तहत दिया। कार्यक्रम में 12 स्कूलों के पहली से पांचवीं क्लास के दो सौ से अधिक बच्चों ने भाग लिया। अभियान के तहत अभयानंद राज्य के दो लाख बच्चों को नि:शुल्क विज्ञान और गणित की शिक्षा देंगे।
इस अवसर पर अभयानंद ने शिक्षकों को भी प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण में पटना के करीब 35 शिक्षक शामिल हुए। प्रशिक्षित शिक्षक पटना में उनके अभियान को आगे बढ़ाएंगे। इस अवसर पर प्राइवेट स्कूल एंड चिल्ड्रन वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष शमायल अहमद, सचिव मॉवेन कॉवेल, शैलेश कुमार सिंह, अरविंद कुमार सिन्हा, अखिलेश कुमार सिंह, कल्याणी, विनय कुमार सिंह, मुकेश कुमार, इं. किशोर कुमार, मो. अनवर, मो. साबिर, डॉ. नजीर अहमद आदि उपस्थित थे।
कार्यक्रम में सभी बच्चों का उत्साह देखते बना। जिस सवाल के पीछे वह माथापच्ची करते थे, उसे आज वह पलक झपकते बना रहे थे। अभयानंद के स्मार्ट ट्रिक्स पाकर बच्चे आत्मविश्वास से लबरेज दिख रहे थे। अभयानंद ने अपनी पाठशाल में रोचक घटनाओं के पीछे की साइंस की दुनिया से भी पर्दा हटाया। अभयानंद ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य बच्चों में प्रतियोगिता की क्षमता को विकसित करना है।