पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • कॉपी जांचनेवाले शिक्षकों का भी जारी होगा फोटोयुक्त नियुक्ति पत्र

कॉपी जांचनेवाले शिक्षकों का भी जारी होगा फोटोयुक्त नियुक्ति पत्र

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
बिहारविद्यालय परीक्षा समिति ने कॉपियों की जांच करने वाले शिक्षकों का फोटोयुक्त नियुक्ति पत्र जारी करने का फैसला किया है। अब कोई भी शिक्षक कॉपी की गलत जांच किए जाने पर अपनी संलिप्तता से इनकार नहीं कर पाएगा। बिहार बोर्ड ने तय किया है कि परीक्षण कार्य में लगने वाले सभी शिक्षकों की जिम्मेदारी अब तय की जाएगी। इसके लिए योजना को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

बोर्ड का कहना है कि सभी शिक्षकों की सूची तैयार की जाएगी। इसके लिए सभी हाईस्कूलों इंटर स्तरीय शिक्षण संस्थानों से शिक्षकों की पूरी सूची मंगाई गई है। इसके आधार पर ही शिक्षकों का परीक्षाओं के दौरान वीक्षण परीक्षण कार्य के लिए चयन किया जाएगा। शिक्षकों की डायरेक्टरी के लिए बोर्ड की ओर से एक परफॉर्मा जारी किया गया है। इसमें शिक्षक का नाम, पता, स्कूल में पदस्थापन की तिथि, पूर्व पदस्थापन का विवरण, विशेषज्ञता के साथ-साथ अन्य सभी शैक्षणिक गैर शैक्षणिक जानकारी देनी होगी। शिक्षकों को अपना फोटो भी देना होगा। शिक्षकों की सभी जानकारियों को ऑनलाइन किया जाएगा। बिहार बोर्ड ने तय किया है कि सभी शिक्षकों के बारे में छात्र आम लोग जानकारी रखें, इसलिए यह निर्णय लिया गया है।

^बोर्ड ने सभी परीक्षकों को फोटोयुक्त ज्वाइनिंग लेटर जारी करने का निर्णय लिया है। इससे मूल्यांकन केंद्र निदेशक को परीक्षकों की पहचान करने में आसानी होगी। साथ ही, कोई भी शिक्षक जवाबदेही से इनकार नहीं कर पाएगा।\\\' -श्रीनिवासचंद्र तिवारी, सचिव,बिहार बोर्ड

परीक्षण कार्य में गड़बड़ी के मामले सामने आने के बाद अब शिक्षकों को जिम्मेदार बनाए जाने के उद्देश्य से सुधार कार्यक्रम लागू किए जा रहे हैं। वर्ष 2014 की इंटर साइंस परीक्षा में कॉपियों की जांच में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की शिकायत आई थी। जांच के क्रम में गड़बड़ी साबित भी हो गई। इसके बाद परीक्षकों से पूछताछ हुई तो अधिकांश कॉपी जांच में शामिल होने से इनकार करने लगे। अब फोटोयुक्त लेटर जारी किए जाने के बाद शिक्षक इस कार्य में शामिल किए जाने से इंकार नहीं कर पाएंगे।