- Hindi News
- आरबीआई ने सरस मेले में लगाया जागरुकता कैंप
आरबीआई ने सरस मेले में लगाया जागरुकता कैंप
पटना|आमलोगों मेंबैंकिंग के बारे में जागरुकता के लिए भारतीय रिजर्व बैंक ने शुक्रवार को पटना के गांधी मैदान में चल रहे बिहार ग्राम सरस मेला में विशेष शिविर लगाया। रिजर्व बैंक के शिविर के प्रति कई लोगों की उत्सुकता भी उन्हें शिविर में ले आई।
कार्यक्रम शुरू होते ही सरस मेला में घूम रहीं महिलाएं बड़ी संख्या में आरबीआई शिविर पहुंचीं। स्वयं सहायता समूह की महिलाएं भी बड़ी संख्या में आईं। बैंकिंग लोकपाल पैट्रिक बारला ने लोगों को उनके अधिकारों के बारे में बताया और अपील की कि वे बैंकों की शिकायत करने में हिचकें नहीं। जेनरल मैनेजर स्वरूप सिंह ने केवाईसी, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन योजना के स्वयं सहायता समूह की क्रेडिट लिंकेज फेसिलिटी के बारे में बताया। जेपी तिर्के, जेनरल मैनेजर ने लोगों को सलाह दी कि वे किसी भी परिस्थिति में अपना खाता संख्या, एटीएम कार्ड, पासवर्ड पिन, पासबुक आदि किसी के साथ भी साझा करें। मैनेजर प्रवीण कुमार ने कार्यक्रम का संचालन किया तथा फिशिंग, फर्जी मेल, एसएमएस, लालची ऑफर, लॉटरी स्कीम आदि से लोगों को सचेत रहने का आह्वान किया।