अंदर परीक्षा, बाहर धरना-प्रदर्शन
पटना|बीएन कॉलेजमें सोमवार को पीजी फर्स्ट सेमेस्टर की परीक्षा चल रही थी और बाहर में विद्यार्थियों का धरना-प्रदर्शन। इनमें वे विद्यार्थी थे, जिन्हें उपस्थिति कम रहने के कारण परीक्षा फाॅर्म नहीं भरने दिया गया है। ज्यादा संख्या बायोकेमेस्ट्री सोशियोलॉजी के छात्र-छात्राओं की है। विद्यार्थियों ने कुलपति और विवि प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। वे दो घंटे तक कॉलेज गेट पर धरने पर बैठे रहे। हालांकि, उन्होंने परीक्षा में शामिल छात्रों को डिस्टर्ब नहीं किया।
प्रदर्शनकारी विद्यार्थियों का कहना था कि जिस समय की अनुपस्थिति के आधार पर फॉर्म भरने से वंचित किया गया है, वह बरसात का समय था। उस दौरान क्लास में शिक्षक भी नहीं आते थे और छात्र भी। क्लास चली ही नहीं। छात्र संघ के उपाध्यक्ष अंशुमान ने कहा कि जब तक फॉर्म भरने से वंचित विद्यार्थियों को न्याय नहीं मिलेगा, आंदोलन जारी रहेगा। धरने में राज सिन्हा, अजिताभ, अभिनव हिमांशु, अमिताभ, जुफा परवीन, आफरीन, यास्मिन, रागिनी, पायल, मनीष आदि शामिल हुए।
परीक्षा फाॅर्म नहीं भरने दिए जाने पर छात्र-छात्राओं ने बीएन कॉलेज के गेट पर विवि प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।