पटना. सोमवार को राजेंद्र गोलंबर आसपास की सड़कों का माहौल पूरी तरह से बदल गया। सामान्य दिनों में होनेवाली आम गाड़ियों की आवाजाही के बदले चारों तरफ पुलिस की गाड़ियां दौड़ती रहीं। शाम ढलने तक अाम लोगों के लिए चारों तरफ का रास्ता बंद रहा। तीन स्तरीय सुरक्षा के बीच सिर्फ राजनेताओं, पुलिस वाले और प्रेस को ही गोलंबर की ओर जाने की इजाजत थी। प्रमंडलीय आयुक्त, डीएम , एसएसपी जितेंद्र राणा समेत सभी आला अफसर मौजूद रहे।
इससे पहले एयरपोर्ट से स्टेट हैंगर तक गहमागहमी रही। राज्यपाल, मुख्यमंत्री लालू प्रसाद, रामविलास पासवान के एयरपोर्ट पर उतरने के कारण सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। शाम ढलने के बाद राजेंद्र गोलंबर पर सियासी पारा उतरा, तो रास्तों पर आम वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई।
राजेंद्र गोलंबर-सर्कुलर रोड तक रही चौकसी
जब नीतीश कुमार और लालू प्रसाद अपने आवास से निकलकर राजभवन आए, तो अधिकतर सुरक्षाकर्मी भी उस रास्ते की ओर रुख कर गए। कुछ ही देर में मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी अपने आवास से निकलकर राजभवन में गए। इस दौरान पूरे रास्ते को रैफ स्थानीय पुलिस ने घेर लिया। यह स्थिति शाम छह बजे तक कायम रही।