पटना/बाढ़/बख्तियारपुर. अपराधियों ने आसनसोल-मुंबई साप्ताहिक एक्सप्रेस की एसी बोगी बी-1 में डकैती कर रेल पुलिस की नींद उड़ा दी। रविवार की देर रात लगभग 1:15 बजे अथमलगोला-बख्तियारपुर स्टेशन के बीच जयप्रकाश महुली हॉल्ट के पास ट्रेन को वैक्यूम कर एक जर्मन, एक स्वीट्जरलैंड समेत डेढ़ दर्जन यात्रियों से नकद, लाखों के गहने के अलावा ब्रीफकेस, बक्सा, पर्स,
मोबाइल, चश्मा समेत अन्य कीमती सामान लूटकर फरार हो गए। ट्रेन वहां करीब आठ मिनट तक रुकी रही थी। विरोध करने पर आठ अपराधियों ने छह-सात यात्रियों को लाठी, डंडे खुखरी से मारपीट कर घायल कर दिया। टीटीई जेबी पटनायक को भी निशाना बनाया।
ट्रेन के पटना जंक्शन पहुंचने के बाद डेढ़ दर्जन यात्रियों ने आठ अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करा दी। रेल एसपी प्रकाशनाथ मिश्र, मुख्यालय रेल डीएसपी अनंत कुमार राय ने घटनास्थल पर छानबीन की। मौके से पुलिस ने बक्सा, कपड़े, खुखरी का खोल, लाठी-डंडा बरामद किया। डॉग स्क्वॉयड जयप्रकाश महुली हॉल्ट के पास गिरे कपड़े को सूंघकर एनएच पर गया। रेल एसपी ने बताया कि इस मामले में एक अपराधी के घर तक डॉग गया। उसकी पहचान हो गई है। वह फरार है। बाढ़ जीआरपी को प्राथमिकी भेज दी गई है। जयप्रकाश महुली हॉल्ट के पास सुराग की तलाश करते पुलिसकर्मी।
यात्री आरपी श्रीवास्तव ने बताया कि अपराधी जसीडीह से सवार हुए थे। एक बदमाश बर्थ नंबर चार पर बैठ गया। रात में लोग सो रहे थे। इसी बीच सीट पर बैठे अपराधी ने दो बोगी के बीच के गेट को खोल दिया। फिर सात-आठ अपराधी घुस गए। फिर ट्रेन को वैक्यूम कर रोक दिया और लूटपाट शुरू कर दी। अपराधियों ने लाठी-डंडा खुखरी चमकाते हुए यात्रियों के सामान, गहने, नकद लूटने शुरू कर दिए। विरोध करने पर मारपीट की और जान मारने की धमकी तक दे डाली। फिर ट्रेन से उतरकर फरार हो गए। बोगी में एस्कॉर्ट पार्टी नहीं था।
मौके से से बक्सा, ब्रीफकेस, कपड़ा आदि मिला है। दरअसल, वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधियों ने जयप्रकाश महुली हॉल्ट के पास ही खेत में लूटे गए गहने, नकद अन्य सामान का बंटवारा किया। कीमती सामान लेकर चलते बने और बक्सा मामूली कपड़े को वहीं पर छोड़ दिया। ट्रेन में डकैती करने वालों में अधिकांश की उम्र 20 से 22 वर्ष थी।