पटना. राज्यपाल केशरी नाथ त्रिपाठी ने सोमवार को पूर्व मुख्य सचिव अशोक कुमार सिन्हा को नए राज्य मुख्य सूचना आयुक्त के रूप में शपथ दिलाई। राजभवन में हुए शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी, विधानसभा के अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी और उपाध्यक्ष अमरेंद्र प्रताप सिंह मौजूद थे। साथ ही मंत्री नरेंद्र सिंह, नीतीश मिश्रा, विनय बिहारी, विधायक अजय प्रताप सिंह, पूर्व सांसद साधु यादव मौजूद थे।
खाली रहीं माननीयों की सीटें
राज्य की राजनीति में आई उथल-पुथल की झलक शपथ ग्रहण समारोह में भी दिखी। माननीयों के लिए आरक्षित सीटें खाली रहीं। नेताओं की उपस्थिती कम थी। दोपहर 12:18 बजे वहां मुख्यमंत्री पहुंचे थे। 12:24 बजे उदय नारायण चौधरी वहां पहुंचे। मुख्यमंत्री ने खड़े होकर उनका अभिवादन किया। विधानसभा अध्यक्ष ने भी अभिवादन का जवाब हाथ हिलाकर दिया, पर दोनों नेताओं की नजरें नहीं मिलीं। दोनों के बीच एक कुर्सी थी, जो विधान परिषद के सभापति के लिए आरक्षित थी। वह खाली रही।
सीएम स्पीकर से की बात
शपथग्रहण के बाद ऊपर के तल्ले पर एक हॉल में राज्यपाल, मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष, नरेंद्र सिंह आदि गए और एक साथ बैठ कर बातचीत की। समारोह में मुख्य सचिव अंजनी कुमार सिंह, राज्यपाल के प्रधान सचिव ब्रजेश मेहरोत्रा, डीजीपी
पीके ठाकुर समेत कई पदाधिकारी और आयोग के सदस्यगण वहां थे।