- Hindi News
- 70 फीसदी सिटी राइड बसें खटारा, पर कागज में फिट
70 फीसदी सिटी राइड बसें खटारा, पर कागज में फिट
सिटी बस का ब्रेक फेल, साइकिल सवार को कुचला, दो घंटे हंगामा
पटना|राजधानी मेंचलनेवालीं 70 फीसदी सिटी राइड बसें खटरा हैं पर कागज में फिट हैं। कोतवाली पुलिस के अनुसार, सिटी राइड बस का ब्रेक फेल हुआ। जिसके बाद यह हादसा हुआ। प्रशासन के आला अधिकारी भी मानते हैं कि 70 फीसदी सिटी राइड बसों की फिटनेस केवल कागजों पर ही ठीक है। गाड़ियां 15 साल पुरानी हैं और 12 लाख किलोमीटर से अधिक चल चुकी हैं। एक सिरे से ही सभी गाड़ियों को बदलने की आवश्यकता हैै।
इससे पहले चिरैयाटांड़ पुल के नीचे मई में सिटी राइड बस ने रिक्शाचालक और उस पर सवार महिला को कुचल दिया था। महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई थी।
क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकार के सचिव ईश्वरचंद्र सिन्हा बताते हैं- उनके पास 15 साल पुरानी गाड़ियां का फिटनेस नवीनीकरण नहीं हो रहा है। 26 रूट पर बसें चल रही हैं। कुछ रूट पर निजी गाड़ियों को परमिट नहीं दी जा रही है। अब पुरानी गाड़ियों की फिटनेस का फिजिकल वेरिफिकेशन होगा। बीएसयूटीसी की 200 बसें चलने की उम्मीद है। इनके आने के बाद पुरानी गाड़ियां धीरे-धीरे राजधानी की सड़क से हट जाएंगी।
साइिकल सवार की मौत के बाद गुस्साई भीड़ ने बस में आग लगा दी।
भास्कर न्यूज |पटना
गांधीमैदान से कंकड़बाग जा रही सिटी राइड बस बीआर-1एपी-4329 ने टाटा पार्क के पास अधेड़ साइकिल चालक को कुचल दिया। पुलिस के अनुसार, पार्क से मुड़कर बस को कंकड़बाग की ओर जाना था, लेकिन ब्रेक फेल होने से यह हादसा हो गया। लोगों की सहायता से अधेड़ को तत्काल पीएमसीएच ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गयी। बस छोड़कर चालक मौके से फरार हो गया। घटना के बाद यात्री बस से उतरने लगे। भीड़ ने बस में पहले तोड़फोड़ की फिर उसमें आग लगा दी।
फायरब्रिगेड दस्ते ने आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। बस साइकिल को जब्त कर पुलिस कोतवाली थाने ले आयी। मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
हादसे के बाद दो घंटे तक स्थानीय लोगों ने हंगामा मचाया। बस पर पत्थरबाजी की और सड़क जाम कर दिया। मृतक को मुआवजा देने की मांग वे कर रहे थे। काफी संख्या में लोगों की भीड़ जुटी थी, लेकिन कोई भी उसकी शिनाख्त नहीं कर पाया। कोतवाली थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि हंगामा और तोड़फोड़ करने वालों की पहचान सीसीटीवी फुटेज और वीडियो से की जा रही है। सभी के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा।