- Hindi News
- नौवीं कक्षा की छात्राओं को मिलेगा 5300 रुपए
नौवीं कक्षा की छात्राओं को मिलेगा 5300 रुपए
राज्यके दो करोड़ बच्चों को 15 से 30 दिसंबर के बीच पोशाक, साइकिल, छात्रवृत्ति आदि योजनाओं की राशि दी जाएगी। इसके लिए राशि जिलों को भेज दी गई है। कुल करीब दो करोड़ छात्र-छात्राओं को विभिन्न योजनाओं के तहत राशि मिलेगी। इसमें करीब 3000 करोड़ रुपए खर्च होंगे।
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि अप्रैल से सितंबर के बीच जिन बच्चों की कक्षा में उपस्थिति 75 फीसदी या उससे अधिक होगी, उन्हें ही उक्त योजनाओं की राशि दी जाएगी। कक्षा नौ की हर लड़की को 5300 रुपए मिलेंगे। इनमें साइकिल के लिए 2500, पोशाक के लिए 1000 और छात्रवृत्ति के लिए 1800 रुपए मिलेंगे। इसके अलावा कक्षा एक से आठ के छात्र-छात्राओं को पोशाक राशि भी दी जाएगी। कक्षा एक-दो को 400, कक्षा तीन से पांच को 500 और कक्षा छह से आठ तक के हर बच्चे को 700 रुपए पोशाक के लिए दिए जाएंगे। एक से दस तक की सभी लड़कियों को छात्रवृत्ति राशि दी जाएगी। इनमें एक से चार को 600, पांच-छह को 1200 और कक्षा सात से दस की लड़कियों को 1800 रुपए की छात्रवृत्ति मिलेगी। साइकिल की राशि 2500-2500 सिर्फ नौंवी कक्षा के लड़का-लड़की को दी जानी है।