- Hindi News
- रिटायर्ड सार्जेंट मेजर के एकाउंट से आठ लाख गायब, फर्जीवाड़े के आरोप में तीन गए जेल
रिटायर्ड सार्जेंट मेजर के एकाउंट से आठ लाख गायब, फर्जीवाड़े के आरोप में तीन गए जेल
रिटायर्डसार्जेंट मेजर प्रमोद कुमार सिंह के एकाउंट से लगभग 15 दिन पहले आठ लाख रुपए गायब होने की जांच कर रही पुलिस ने पाटलिपुत्रा के दीपक कुमार, रामकृष्णानगर के महेश झा और पटेलनगर के मुकेश कुमार को जेल भेजा है। प्रमोद सिंह के भतीजे संजय सिंह ने पिछले दिनों रामकृष्णानगर थाने में मामला दर्ज कराया था। प्रमोद सिंह के रामकृष्णानगर एसबीआई एकाउंट से आठ लाख रुपए अचानक गायब हो गए थे। पुलिस को पता चला कि आठ लाख रुपए महेश के एकाउंट में चले गए हैं। उससे पूछताछ की तो कहा कि दीपक ने उसे ब्लैंक चेक दिया था। आर्थिक लेनदेन को लेकर यह रकम उन्हें दी गई थी। जब दीपक से इस बारे में बात की तो उसने कहा कि मुकेश कुमार ने उसे यह चेक दिया था। मुकेश से उसे रकम लेनी थी। इसके एवज में उसने चेक दिया था। जब मुकेश से पूछताछ की तो उसने कहा-मंटू नामक शख्स ने उसे चेक दिया था।
महेश झा के एकाउंट को फ्रीज कर दिया गया है। एकाउंट से रुपए की निकासी अब नहीं होगी। इस रुपए को प्रमोद सिंह के एकाउंट में ट्रांसफर करने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस की जांच पूरी होने और चौथे संदिग्ध मंटू के हाथ आने के बाद पुलिस पूरे मामले से पर्दा उठाएगी। इस बीच बैंक की प्रक्रिया पूरी होने के बाद रकम को वापस प्रमोद सिंह के एकाउंट में जमा कराया जाएगा।
पुलिस ने जांच के बाद पाया है कि सभी झूठ बोल रहे हैं। दरअसल प्रमोद सिंह का चेक चोरी करने के बाद इस पर फर्जी हस्ताक्षर कर रुपए महेश झा के एकाउंट में जमा कराया गया था। बैंक अधिकारियों ने जब पूरे मामले की जांच की तो इसका पता चला। महेश झा ने यह चेक हासिल किया था यह बात आरंभिक जांच में सामने आई थी।