कैदियों के बैग लाने पर लगेगी रोक
चाईबासाजेल परिसर में सुरक्षा कर्मियों की आंखों में मिर्च पाउडर फेंककर कैदियों के फरार होने की घटना के बाद बेउर, फुलवारीशरीफ समेत जिले के सभी जेल प्रशासन के अधिकारी के साथ ही पटना पुलिस भी सतर्क हो गई है। इसी के तहत बुधवार को सिटी एसपी शिवदीप लांडे बेउर जेल पहुंचे और वहां की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा जिया। लगभग एक घंटे तक जेल अधीक्षक शिवेंद्र प्रियदर्शी समेत अन्य जेल के अधिकारियों के साथ सुरक्षा को लेकर विचार-विमर्श किया। इस दौरान सिटी एसपी ने जेल प्रशासन द्वारा दिए गए इस प्रस्ताव पर कार्रवाई करने की बात कही, जिसमें कहा गया था कि कोर्ट में पेशी के बाद कैदियों के झोला बैग लाने पर पाबंदी लगा दी जाएगी। सिटी एसपी ने कहा कि यह प्रस्ताव सुरक्षा को लेकर सही है। इसे लागू किया जाएगा। कोर्ट के हाजत में सुरक्षा तगड़ी की जाएगी। साथ ही जब वे कोर्ट से जेल लौटेंगे तो उनकी तलाशी ली जाएगी।
बेउर में पिछले सात माह से बीएमपी जवानों को हटा दिया गया है। दरअसल, लोकसभा चुनाव में उन्हें हटाकर चुनाव कराने भेज दिया गया। बीएमपी के बदले में जेल को सैप जवान मिले थे।