- Hindi News
- जदयू के बागियों को फैसले की जगह मिली फिर तारीख
जदयू के बागियों को फैसले की जगह मिली फिर तारीख
जदयूके बागी विधायकों को फैसले की बजाय एक बार फिर से तारीख मिल गई। विधानसभा के स्पीकर उदय नारायण चौधरी की कोर्ट में बुधवार को आखिरी फैसले की उम्मीद के साथ सुनवाई शुरू हुई। बागियों के वकील शशिभूषण कुमार मंगलम ने ग्रामीण कार्य मंत्री श्रवण कुमार का क्रॉस एग्जामिनेशन करने की इजाजत मांगी। इसका जदयू के वकील और योजना मंत्री पीके शाही ने विरोध किया। शाही का कहना था कि श्रवण ने लिखित बयान दे दिया है। उन्हें इससे अधिक कुछ नहीं कहना है। इसके बाद स्पीकर ने सुनवाई की तारीख 12 दिसंबर निर्धारित कर दी।
सुनवाई के दौरान जदयू के चार बागी विधायक अजीत कुमार, सुरेश चंचल, पूनम देवी और राजू कुमार सिंह के साथ दूसरे पक्ष से ग्रामीण कार्य मंत्री मौजूद थे। सूत्रों के अनुसार अगली सुनवाई पर जदयू के वकील शाही बहस करेंगे। विधानसभा परिसर में बागियों के वकील मंगलम ने कहा कि हमारी बात को बिलकुल नहीं सुना जा रहा है। केवल वादी पक्ष के तर्कों के ही आधार पर मामले का आगे बढ़ाया जा रहा है।