ट्रांसपोर्ट कंपनी के गोदामों पर छापा
पटना| वाणिज्यकर विभाग की टीम ने मंगलवार को एक साथ मां अन्नपूर्णा ट्रांसपोर्ट कंपनी के गोदाम पर पूरे राज्य में छापेमारी की। राज्य में इस ट्रांसपोर्ट कंपनी के 50 से अधिक गोदाम है। इन गोदामों में बिना वैध दस्तावेज के राज्य के बाहर से लाए गए लगभग 5-6 करोड़ रुपए से अधिक कीमत के माल को विभाग ने अपने कब्जे में लिया। बरामद माल में पॉली बैग, पटाखा, मसाला, ड्राई फ्रूट, इलेक्ट्रिक गुड्स, आटोपार्ट्स आदि हैं। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि मां अन्नपूर्णा ट्रांसपोर्ट बिना वैध परमिट के माल परिवहन का काम करता है। जब्त मालों में कुछ ऐसे माल भी हैं जिस पर राज्य में प्रतिबंध है। कुछ ट्रांसपोर्ट कंपनियां राज्य के बाहर से बिना रोड परमिट अवैध तरीके से परिवहन करती है। इसमें मां अन्नपूर्णा भी एक है। वाणिज्य कर आयुक्त सह सचिव के निर्देश पर विभाग की विशेष टीम ने मां अन्नपूर्णा के पटना में 7, मुजफ्फरपुर में 4, गया में 3, भागलपुर और पूर्णिया में 2 गोदाम, सासाराम, बक्सर, आरा, बिहारशरीफ, जमुई, कटिहार, फारबिसगंज, बेतिया, मोतिहारी, सीवान, छपरा और दरभंगा के गोदामों के मालों को अपने कब्जे में लिया है। सीजर लिस्ट तैयार की जा रही है। इसके बाद कंपनी को नोटिस दी जाएगी।