60 बैंक खातों दो लॉकर का पता चला
आयकरविभाग की दबिश के बाद बेगूसराय के तीनों चर्चित डॉक्टरों डॉ. रामयतन सिंह, डॉ. नलिनी रंजन सिंह और डॉ.रामाश्रय सिंह ने कुल करीब 11 करोड़ रुपए की अघोषित संपत्ति की घोषणा कर दी है। डॉ.रामयतन सिंह ने बुधवार को ही अपनी तरफ से 3.19 करोड़ रुपए की अघोषित संपत्ति की घोषणा कर दी थी। बुधवार की रात करीब दो बजे डॉ. नलिनी रंजन सिंह और डॉ.रामाश्रय सिंह के यहां भी आयकर की टीम ने छापेमारी की कार्रवाई पूरी कर ली थी। गुरुवार को इन दोनों डॉक्टरों ने भी अपनी अघोषित संपत्ति की घोषणा कर दी। आयकर विभाग के निदेशक (अन्वेषण) कुमार संजय ने इसकी पुष्टि की है। दूसरी ओर आयकर सूत्रों के अनुसार डॉ.रामाश्रय सिंह ने करीब 5.66 करोड़ रुपए की घोषणा की है बाकी करीब 2.15 करोड़ की संपत्ति की घोषणा डॉ.नलिनी रंजन सिंह ने की है।
आयकर सूत्रों के अनुसार छापेमारी के दौरान कुल 1.80 करोड़ रुपए कैश बरामद किए गए हैं। इसके अलावा तीनों डॉक्टरों के 60 बैंक खाते, दो लॉकर और 40-45 जमीन के दस्तावेज मिले हैं। इसके अलावा कई बेनामी खाते और कुछ बनावटी दस्तावेज मिले हैं जिनकी जांच चल रही है।