- Hindi News
- ज्योति की मदद को आगे आया राजस्थान का परिवार
ज्योति की मदद को आगे आया राजस्थान का परिवार
ज्योतिकी रहस्यमय बीमारी को लेकर कई लोग भले ही अलग-अलग बातें कर रहे हों पर राजस्थान के एक परिवार को इस युवती पर सहानुभूति गई।
दैनिक भास्कर के राजस्थान संस्करण में ज्योति की बीमारी से संबंधित खबर पढ़कर राजस्थान के करौली जिले का एक परिवार मदद को आगे आया है। करौली जिला के सपोटरा तहसील अंतर्गत बलवंतपुर गांव निवासी गजेंद्र वर्मा ने सोमवार को पीड़ित परिवार से संपर्क साधा।
भास्कर की पहल पर ज्योति की मदद को आगे आया राजस्थान का परिवार।
गजेंद्र ने बताया कि करौली जिले में दैनिक भास्कर में खबर छपी तो उसने दैनिक भास्कर कार्यालयों में संपर्क किया। उसके बाद पटना कार्यालय का नंबर लेकर उसने पीड़ित परिवार तक संपर्क स्थापित किया। गजेंद्र वर्मा सामाजिक कार्य में स्नातकोत्तर हैं और उन्होंने बताया कि बहुत कम खर्च में ज्योति को इस बीमारी से निजात मिल जाएगी। ज्योति के परिवार वालों ने कहा कि यदि उनकी बेटी ठीक हो जाती है तो यह परिवार के लिए खुशी की बात होगी। ज्योति के भाई चंदन ने बताया कि निराशा के बीच परिवार के लिए कुछ उम्मीद जागी है। चंदन और ज्योति के परिजनों ने दैनिक भास्कर के प्रयास की सराहना की।
गजेंद्र वर्मा ने राजस्थान के जोधपुर संस्करण में ज्योति की बीमारी संबंधी खबर पढ़ी और फिर उस परिवार को अपनी आपबीती याद गई। गजेंद्र वर्मा ने बताया कि उसकी बहन नीतू वर्मा के साथ भी यही समस्या थी। गजेंद्र ने बताया कि उसकी बहन के शरीर से आलपीन निकलता था। कई दिनों तक यही सिलसिला चलता रहा। एक दिन में तीन-तीन आलपीन निकला करता था। नीतू के साथ भी वैसा ही होता था जैसा ज्योति के साथ होता है। पहले जलन तब दर्द फिर काला धब्बा और तब जाकर आलपीन बाहर आता था। गजेंद्र वर्मा ने बताया कि नीतू की ऐसी स्थिति को लेकर पूरा परिवार परेशान रहता था, परंतु इलाज कराए जाने के बाद वह पूरी तरह ठीक हो गई।