- Hindi News
- मैट्रिक के 15 लाख छात्रों के रजिस्ट्रेशन के लिए 14 दिन
मैट्रिक के 15 लाख छात्रों के रजिस्ट्रेशन के लिए 14 दिन
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने मैट्रिक परीक्षार्थियों के लिए रजिस्ट्रेशन की जो तिथि तय की है, उस पर जिरह शुरू हो गई। मैट्रिक परीक्षा में परीक्षार्थियों की बड़ी संख्या है। बीच में दुर्गापूजा बकरीद का पर्व है। इस कारण करीब पांच दिन से एक सप्ताह तक स्कूलों में छुट्टी रहने की उम्मीद है। ऐसे में महज 18 दिनों में सभी छात्रों का रजिस्ट्रेशन कार्य पूरा कराया जाने का निर्णय लिया गया है। चार दिन ही छुट्टी में माने तो 14 दिन में करीब 15 लाख परीक्षार्थियों के रजिस्ट्रेशन फॉर्म भरवाए जाएंगे।
सचिव का कहना है कि आेएमआर फॉर्म पर रजिस्ट्रेशन होगा। इसके लिए जिला के माध्यम से स्कूलों को फॉर्म भेजा जा रहा है। बोर्ड प्रशासन का कहना है कि निर्धारित समय पर सभी स्कूलों को फॉर्म मिल जाएगा। सभी छात्रों का फॉर्म स्कूल स्तर पर एक सप्ताह में भरा जाएगा। हाईस्कूलों के प्रधानाचार्य का कहना है कि कुछ समय और मिलना चाहिए था। पर्व के समय में काफी संख्या में बच्चे अभिभावकों के साथ छुट्टियां मनाने बाहर चले जाते हैं। इस कारण रजिस्ट्रेशन के समय में परेशानी होगी। अंतिम एक-दो दिनों में दबाव काफी बढ़ जाएगा।
बिहार बोर्ड के स्कूलों को दिशा-निर्देश जारी
बिहारबोर्ड ने सभी स्कूलों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिया है। हर हाल में रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया समय पर पूरी करने के निर्देश जारी किए गए हैं। बोर्ड के सचिव श्रीनिवास चंद्र तिवारी का कहना है कि अगले मंगलवार से मैट्रिक का रजिस्ट्रेशन शुरू हो जाएगा। इसे 10 सितंबर तक पूरा करा लिया जाएगा। अगर कोई विद्यार्थी चूकता है तो उसे 15 सितंबर तक 100 रुपए विलंब शुल्क के साथ फॉर्म भरने का मौका दिया जाएगा।
एक प्रधानाचार्य ने बताया कि आेएमआर शीट फॉर्म पर रजिस्ट्रेशन करते समय बच्चों को काफी परेशानी बरतनी होगी। जरा सी चूक के कारण उनका फॉर्म बर्बाद हो जाएगा। इसलिए, बच्चों को विशेष जानकारी भी दी जाएगी। ऐसे में 12-14 दिन का समय कम लगता है।