- Hindi News
- गैरमजरुआ जमीन पर कब्जे के विरोध में सड़क पर उतरे लोग, जताया आक्रोश
गैरमजरुआ जमीन पर कब्जे के विरोध में सड़क पर उतरे लोग, जताया आक्रोश
हनुमाननगर में गैरमजरुआ आम भूमि पर जबरदस्ती कब्जा करने के विरोध में हनुमान नगर नागरिक संघर्ष मोर्चा के बैनर तले आम जनता सड़क पर उतरी। हनुमान नगर हाउसिंग मोड पर लोगों ने धरना-प्रदर्शन किया।
मोर्चा के सचिव अमरनाथ सिन्हा ने कहा कि हनुमान नगर में लगभग साढ़े चार एकड़ भूमि गैर मजरुआ है। इस जमीन का विस्तार अंबेडकर चौक से न्यू पत्रकार नगर कॉलोनी तक है। इस पर पूर्व में पटवन के लिए आहर था। इस भूमि के दाेनों तरफ लोग मकान बनाकर रह रहे हैं। कुछ भू माफिया जबरदस्ती प्रशासन की सांठगांठ से जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। इससे लोगों में आक्रोश है। लोगों ने कहा कि भूमि सीमांकन के आदेश की आड़ में भू माफिया पक्का कंस्ट्रक्शन कर रहे हैं। इससे आने वाले दिनों में ड्रेनेज पर खासा असर पड़ेगा। नाले के पानी का बहाव पूरी तरह रुक जाएगा। उन्होंने सरकार से मांग की है कि अविलंब अवैध कब्जा पर रोक लगाई जाए। अगर ऐसा नहीं किया गया तो हनुमान नगर की जनता आंदोलन तेज करेगी।
यह है मांगें
{गैरमजरुआ जमीन किसी को अलॉट नहीं किया जाए।
{इस पर हो रहे कब्जे को तत्काल रोका जाए।
{गैरमजरुआ जमीन पर जनहित के लिए सड़क, पार्क या ड्रेनेज आदि का निमार्ण किया जाए।
{प्रस्तावित मास्टर प्लान के अनुसार सड़क का निर्माण किया जाए।
कुम्हरार विधानसभा क्षेत्र के विधायक अरुण कुमार सिन्हा भी धरना प्रदर्शन में पहुंचे आैर सहयोग का आश्वासन दिया। कहा कि आम गैरमजरुआ जमीन का सार्वजनिक उपयोग तथा सड़क नाला आदि में इसका इस्तेमाल होना चाहिए। कब्जा कर निर्माण करना सही नहीं है। इस मौके पर विजया सिंह, ध्रुव कुमार सिंह, परमानंद यादव, राज कुमार, अजय कुमार, समिति के अध्यक्ष नवीन कुमार, वरुण यादव, राम सेवक सिंह, अधिवक्ता मदनजीत सिंह और प्रवीण कुमार आदि उपस्थित थे।