- Hindi News
- दीघा में घाट तक गाड़ी से जा सकेंगे छठव्रती
दीघा में घाट तक गाड़ी से जा सकेंगे छठव्रती
छठघाटों पर व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रशासन की ओर से गठित कमेटी ने अपनी रिपोर्ट प्रशासन के पास जमा करा दी है। रिपोर्ट के आधार पर सभी विभागों को कार्ययोजना तैयार कर शीघ्र कार्य पूरा कराने का निर्देश जारी किया गया है। डीएम मनीष कुमार वर्मा ने कहा कि दीघा क्षेत्र के घाटों पर जहां वाहन से लोग पहुंच सकते हैं, उसके संपर्क पथ को चौड़ा किया जा रहा है। सड़क पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि छठ के समय राजधानीवासियों को गंगा घाटों पर सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन हर संभव योजनाओं को पूरा कराएगा।
डीएम ने कहा कि स्थायी घाटों पर बिजली रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा अपेक्षित मरम्मत स्थायी तौर पर की जाएगी। इससे भविष्य में श्रद्धालुओं को इसका लाभ मिल सके। प्रत्येक घाट पर महिला छठ व्रतियों को कपड़ा बदलने के लिए टेंट अस्थायी शौचालय की व्यवस्था की जाएगी। घाटों पर विधि व्यवस्था को बनाए रखने के लिए वाच टावर लगाया जाएगा। लाउडस्पीकर की व्यवस्था होगी। नियंत्रण कक्ष की भी व्यवस्था की जाएगी। घाटों पहुंच पथ पर सीसीटीवी कैमरा लगाया जाएगा। डीएम ने कहा कि घाटों को बेहतर बनाने का प्रस्ताव देने वाली टीम ही वहां चलने वाले कार्य की निगरानी करेगी। निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच करेंगे। शांतिपूर्ण सुरक्षित छठपर्व के आयोजन के लिए संबंधित जांच निरीक्षण दल सीधे तौर पर जिम्मेदार होंगे।
बैठक में मंगलवार को डीएम मनीष कुमार वर्मा ने अधिकारियों को दिए दिशा-निर्देश।