स्वस्थ जीवन के लिए पौधा लगाना जरूरी
दैनिकभास्कर के कार्यक्रम एक पेड़ एक जिंदगी के तहत मंगलवार को आईएसएम पटना के अध्यक्ष समरेन्द्र सिंह ने आईएसएम कैंपस में पौध रोपण किया। इस मौके पर उपस्थित छात्रों को संबोधित करते हुए आईएसएम अध्यक्ष समरेन्द्र सिंह ने कहा कि जीवन को स्वस्थ बनाने के लिए पौधा लगाना जरूरी है। यदि हर वर्ष हर आदमी एक-एक पौधा लगाए तो इससे पर्यावरण सुरक्षित और संतुलित होगी। पर्यावरण संतुलित होगा तो लोग भी स्वस्थ रहेंगे। दैनिक भास्कर बानिकी के प्रति लोगों को जागरूक करने का काम कर रहा है। पर्यावरण को लेकर जागरूकता फैलाने के लिए इस अखबार की जितनी सराहना की जाए कम है। इस मौके पर उपस्थित सैकड़ों छात्रों ने पर्यावरण को स्वच्छ रखने के लिए अपने घरों के आसपास, उद्यानों में प्रतिवर्ष एक-एक पेड़ लगाने का संकल्प लिया। आईएसएम पटना के निदेशक डॉ. जगदीश प्रसाद ने कहा कि पेड़ के बगैर जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती। दुनिया का आधुनिक सुख पर्यावरण के बगैर बेकार है। इस मौके पर आईएसएम प्रोफेसर रईस अहमद खान, देवल सिंह, प्रोफेसर नबाव अकरम, सहायक विपणन पदाधिकारी राकेश कुमार, संजय सिंह सहित आईएसएम के छात्र काफी संख्या में उपस्थित थे।