- Hindi News
- शराब व्यवसायी की हत्या में फरार आरोपी बिहटा से गिरफ्तार
शराब व्यवसायी की हत्या में फरार आरोपी बिहटा से गिरफ्तार
शराब व्यवसायी साकेत कुमार गुप्ता हत्याकांड में फरार आरोपी धीरेंद्र कुमार उर्फ कक्कू महतो को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने फुलवारीशरीफ के बोचाचक निवासी कक्कू को बिहटा थाना इलाके में एचपीसीएल के पास उस वक्त दबोचा, जब वह लूट की योजना बना रहा था। उसके पास से एक देसी पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किया था। साकेत रिटायर एडीजी आशीक कुमार गुप्ता के चचेरे भाई थे। 7 मई, 2012 की सुबह कुम्हरार पार्क में साकेत की हत्या उस वक्त की गई थी, जब वे टहलने गए थे। घटना के बाद से कक्कू को पुलिस पिछले ढाई वर्षों से तलाश रही थी। कक्कू पर फुलवारीशरीफ, अगमकुआं दानापुर, बिहटा झारखंड के चुटिया थाने में हत्या, लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट समेत कई संगीन वारदात करने की प्राथमिकी दर्ज है।
एक आरोपी की साकेत की हत्या के दो दिन बाद हुई थी हत्या
बेलवरगंज पश्चिम दरवाजा निवासी साकेत हत्याकांड में उनकी मां गीता देवी ने अगमकुआं थाने में शराब धंधे से जुड़े आठ लोगों को नामजद किया था। साकेत की हत्या करने के बाद बाइक से फरार हो रहे इंदिरानगर निवासी राजू तथा दलदली के पिंटू को मौके से गिरफ्तार किया गया था। इसमें शराब व्यवसायी मीना बाजार, पटना सिटी निवासी प्रेम सिंह भी आरोपी थे, लेकिन साकेत की हत्या के दो दिन बाद 9 मई को भी उनकी हत्या कर दी गई थी। प्रेम की लाश कुम्हरार पार्क के सामने वाचस्पतिनगर के बगल में रेलवे ट्रैक से बरामद की गई थी।
बिहटा में ठिकाना
पुलिस से बचने के लिए कक्कू पटना से फरार होकर दूसरे शहर में शरण ले रखी थी। कहा जा रहा है कि छह माह पहले ही कक्कू पटना आया लेकिन उसने बिहटा का ठिकाना बना लिया। बिहटा में रहकर ही वह आपराधिक घटनाओं को अंजाम देता था। उसने गिरोह भी बना लिया था।
गिरोह की तलाश
एसएसपी जितेंद्र राणा ने बताया कि कक्कू के गिरोह को पुलिस तलाश रही है। अपराधियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस बिहटा आसपास इलाकों में छापेमारी करने में जुटी है।
पुलिस गिरफ्त में धीरेंद्र।