पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • सर्दी ने गया से बेउर जेल पहुंचा दिया सोना

सर्दी ने गया से बेउर जेल पहुंचा दिया सोना

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
बिहार में बढ़ती ठंड के असर से ही गया अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से डेढ़ किलो सोना कस्टम के दफ्तर की बजाय बेउर जेल पहुंच गया। कहानी में ट्विस्ट और रोमांच दोनों हैं।

दरअसल, शुक्रवार को कस्टम विभाग ने गया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर जिस शख्स को चार किलो सोने के साथ गिरफ्तार किया था, उसने अपने जैकेट में भी डेढ़ किलो सोना छिपा रखा था। उसने अपनी जैकेट एक पॉलीथीन बैग में रखी थी। कस्टम के अधिकारियों ने उसके सामान की तलाशी ली और चार किलो सोना पकड़ कर गया में सोना जब्ती का रिकॉर्ड बना दिया। कस्टम की तलाशी और बढ़ते ठंड के कारण विपिन कुमार गुप्ता कांप रहा था। कस्टम अधिकारियों को उसपर दया आई और उन्होंने उसे पॉलिथीन में रखे जैकेट को पहनने की इजाजत दे दी। किसी को इस बात की भनक तक नहीं थी कि ठंड से कांप रहा विपिन जैकेट पहनने काे क्यों छटपटा रहा था। विपिन ने जैकेट पहनकर ठंड से राहत ली और कस्टम अधिकारियों ने चार किलो सोना पकड़ कर। आनन-फानन में कार्रवाई पूरी हुई और विपिन को लेकर गया से पटना के बेउर आदर्श कारा पहुंचा दिया गया। जेल के बैरेक में जाने से पहले जब एक बार फिर विपिन की तलाशी शुरू हुई, तो सोना-सोना हल्ला हुआ। जैकेट से भी डेढ़ किलो सोना निकला। इधर, जेल गेट पर तलाशी लेने वाले सुरक्षाकर्मी उमेश को विभाग जब्त किए गए सोने की कीमत का 10 फीसदी यानी साढ़े चार लाख देगी।

सूझ-बूझ से पकड़ा गया 4 किलो सोना

गयाअंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर कस्टम अधिकारियों की सूझ-बूझ के कारण चार किलो साेना पकड़ में आया। कस्टम कार्यालय में शनिवार को पत्रकार वार्ता में आयुक्त किशोर लाल ने बताया- आईबी और डीआरआई की सूचना थी कि बैंकॉक से आने वाली फ्लाइट में स्मगलिंग का सोना रहा है। फ्लाइट से गया में उतरने वाले यात्रियों की तलाशी ली गई। उसके बाद हवाई अड्डा पर तैनात संयुक्त आयुक्त जेके लाल ने फ्लाइट में बैठे यात्रियों की तलाशी लेने का निर्णय लिया। तलाशी के दौरान विपिन कुमार जो वाराणसी जाने वाला था, उसके बैग से चार किलो सोना मिला। आयुक्त ने बताया कि विपिन कुमार को विभागीय कार्रवाई के बाद बेउर जेल भेज दिया गया।