पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • बेटे का बर्थ डे केक घर ले जा रहे आभूषण व्यापारी की हत्या

बेटे का बर्थ-डे केक घर ले जा रहे आभूषण व्यापारी की हत्या

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पटना. बाइक पर सवार दो अपराधियों ने बाकरगंज के सोना-चांदी के थोक व्यापारी मुन्ना कुमार साह की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना शनिवार रात लगभग दस बजे भिखना पहाड़ी स्थित ग्रीन मैरेज हॉल के पास हुई। मुन्ना बाकरगंज स्थित दुकान लक्खी ब्याहुत आभूषण से बुलेट से अपने बेटे के बर्थ डे के लिए केक लेकर महेंद्रू स्थित घर जा रहे थे। हत्या कर अपराधी मुन्ना का बैग भी लेकर फरार हो गए। उसमें 85 हजार नकद, दो मोबाइल, दुकान की चाबी सोने-चांदी के कुछ जेवरात थे। घटना के मूल में आपसी विवाद की बात सामने आई है। मुन्ना के पीछे दूसरी बाइक पर उनके भाई राजू और उनका कारीगर भी दुकान से घर जा रहे थे। अपराधियों ने इन दोनों को गोली मारने की धमकी दी। सूचना मिलने के बाद एसएसपी ने मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन की।

सीसीटीवी फुटेज में नहीं दिखे बाइक सवार अपराधी

मुन्ना के दो बेटे हैं। बड़ा चंदन दस साल का है, जबकि बेटा बिट्टू सात साल का है। शनिवार को चंदन का बर्थ-डे था। राजू ने बताया कि मैरेज हॉल के पास बाइक पर सवार दो अपराधियों ने सीने में गोली मार दी। पीएमसीएच में उनकी मौत हो गई। एसएसपी ने बताया कि मछुआ टोली और भिखना पहाड़ी के सीसीटीवी फुटेज में मुन्ना के पीछे कोई दूसरी बाइक नहीं थी। घटनास्थल से एक पिस्टल और एक गोली बरामद किया गया है। मुन्ना की हत्या के विरोध में रविवार को बाकरगंज में आभूषण की दुकानें बंद रहीं।