पटना. जिले के सभी प्रखंडों में अब एक साथ खाद्यान्न दिवस मनाया जाएगा। अभी कुछ प्रखंडों द्वारा अपने स्तर पर चार दिवसीय खाद्यान्न दिवस मनाया जा रहा था। इससे कुछ प्रखंड आगे बढ़ जा रहे थे और कुछ प्रखंडों में लोगों को अनाज वितरण नहीं हो पा रहा था।
इस प्रकार की स्थिति से लोगों को निजात दिलाने की तैयारी की जा रही है। जिला प्रशासन ने अब जिले में एक साथ खाद्यान्न दिवस मनाने के लिए प्रखंडों को आदेश जारी किया है।
डीएम ने दिया निर्देश
डीएमअभय कुमार सिंह ने एसएफसीआई को निर्देश जारी किया है कि जिला स्तर पर आदेश जारी किए जाने के बाद ही प्रखंडों को खाद्यान्न की आपूर्ति की जाए। जनवरी माह के खाद्यान्न का वितरण फुलवारीशरीफ, दुल्हिनबाजार, पालीगंज, पुनपुन बिक्रम प्रखंड में कर दिया गया है।
प्रशासन को समीक्षा के क्रम में यह जानकारी दी गई है। पूरे जिले में एकरूपता रखने के उद्देश्य से राज्य खाद्य निगम के जिला प्रबंधक को इन पांचों प्रखंडों के फरवरी माह का अनाज जारी नहीं करने को कहा गया है।
डीएम ने अन्य सभी प्रखंडों को जनवितरण प्रणाली के दुकानों के स्तर पर विशेष शिविर लगाकर खाद्यान्न दिवस मनाने का निर्देश दिया है। जिले में 15 से 18 फरवरी तक विशेष खाद्यान्न दिवस का आयोजन किया जाएगा।