- Hindi News
- एडहॉक कर्मियों की हड़ताल खत्म 11 से बंटेगा इंटर का एडमिट कार्ड
एडहॉक कर्मियों की हड़ताल खत्म 11 से बंटेगा इंटर का एडमिट कार्ड
बिहारबोर्ड के इंटर सेक्शन में एडहॉक पर नियुक्त कर्मचारियों ने हड़ताल समाप्त कर काम पर लौटने का ऐलान कर दिया है। रविवार को हुई वार्ता में बोर्ड प्रशासन ने कर्मचारियों की सभी मांगें मान लीं। हड़ताल खत्म होने के बाद 11 फरवरी से जिला कार्यालय से एडमिट कार्ड वितरित कराया जाएगा।
वार्ता में बोर्ड अध्यक्ष डॉ. लालकेश्वर प्रसाद सिंह ने कहा कि कर्मचारियों को इंक्रीमेंट के साथ स्थायी कर्मचारियों की तरह सभी सुविधाओं का लाभ दिया जाएगा। उनको अब छुट्टी की सुविधा मिलेगी। सरकार की ओर से पद स्वीकृत होते ही एडहॉक कर्मचारियों की सेवा नियमित करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। अध्यक्ष से वार्ता के बाद हड़ताली बिहार इंटरमीडिएट शिक्षा परिषद तदर्थ कर्मचारी संघ के सदस्यों ने बैठक की। इसमें कर्मचारियों ने बोर्ड प्रशासन के आश्वासन पर एवं छात्रहित में हड़ताल खत्म करने का फैसला लिया।
आजसे तैयार होगी चिट्ठी
एडहॉककर्मियों की हड़ताल से इंटर सेक्शन में पांच दिनों से कामकाज बाधित था। इंटर के एडमिट कार्ड का वितरण लटक गया था। अब वितरण के लिए युद्धस्तर पर काम शुरू होगा। बोर्ड अध्यक्ष ने कहा कि सोमवार से इंटर का एडमिट कार्ड वितरण के लिए कॉलेजवार चिट्ठी तैयार कराई जाएगी।
बोर्ड सचिव श्रीनिवास चंद्र तिवारी ने बताया कि 11 फरवरी से जिलों से कॉलेजों को एडमिट कार्ड मिलने लगेगा। इसी दिन या 12 फरवरी से कॉलेज छात्रों को एडमिट कार्ड जारी कर देंगे। इंटर परीक्षा निर्धारित तारीख, 18 फरवरी से ही शुरू होगी।
चार माह में सेवा सामंजन पर सहमति
वार्ताके बाद कर्मचारी संघ के संयोजक अरुण कुमार सिंह सदस्य मुकेश कुमार, सुरेश कुमार, अरविंद कुमार, शकील अहमद, सुरेश प्रसाद ने कहा कि बोर्ड प्रशासन ने चार माह में सेवा सामंजित करने का भरोसा दिलाया है। तदर्थ कर्मियों को स्थायी कर्मचारियों की तरह सुविधा दी जाएगी। बोर्ड प्रशासन के सकारात्मक रुख को देखते हुए इंटर मैट्रिक परीक्षा के दौरान पूरी मदद की जाएगी।
पटना| बिहारबोर्ड ने बोर्ड परीक्षाओं की लाइव वेबकास्टिंग कराने का निर्णय लिया है। इसी कड़ी में इंटर परीक्षा की लाइव वेबकास्टिंग की तैयारी चल रही है। इसके लिए तकनीकी टीम से संपर्क किया जा रहा है। अगर बोर्ड प्रशासन तैयारियां पूरी कराने में कामयाब रहेगा, तो पहली बार किसी परीक्षा की लाइव फीड देखी जा सकेगी। बोर्ड सचिव श्रीनिवास चंद्र तिवारी ने बताया कि परीक्षा की लाइव फीड को अध्यक्ष कक्ष तक लाने के लिए कार्यक्रम बनाए जा रहे हैं। शहरी केंद्रों से परीक्षा की लाइव वेबकास्टिंग कराने की तैयारी की जा रही है। 18 फरवरी से शुरू होने वाली परीक्षा के दौरान सभी 1052 केंद्रों पर वीडियोग्राफर तैनात किए जाएंगे। केंद्रों पर कोई गड़बड़ी होने पर उड़नदस्ता वहां पहुंचेगा। इंटर परीक्षा में साढ़े 12 लाख परीक्षार्थी भाग ले रहे हैं। ज्ञात हो कि पिछले दिनों परीक्षा तैयारियों के दौरान बोर्ड प्रशासन ने शहरी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे से निगरानी का निर्णय लिया था। प्रत्येक केंद्र के सीसीटीवी कंट्रोल रूम को वेबसाइट से जोड़ा जाएगा। बोर्ड कार्यालय में बड़ी स्क्रीन लगाई जाएगी। वहां से परीक्षा की लाइव फीड देखी जा सकेगी।