- Hindi News
- जनता परिवार की एका से भाजपा में बेचैनी : राजद
जनता परिवार की एका से भाजपा में बेचैनी : राजद
रात तक नीतीश के घर जुटते रहे विधायक पदाधिकारी
पूर्वमुख्यमंत्री नीतीश कुमार का घर रविवार को राजनीतिक सरगर्मियों का केंद्र बना रहा। पार्टी के तमाम विधायक और पदाधिकारी देर रात तक नीतीश के घर पहुंचते रहे। उधर राजभवन से लौटकर राजद, कांग्रेस और सीपीआई के नेताओं ने नीतीश के साथ बातचीत की।
दोपहर बाद वहां पर पूर्व मंत्री बीमा भारती पहुंचीं। उन्होंने कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह के पुत्र सुमित सिंह और कला संस्कृति मंत्री विनय बिहारी के साथ हुई बातचीत की जानकारी दी। इसी के बाद उनको दोनों पर मुकदमा करने के लिए भेजा गया। लेसी सिंह ने भी कहा कि उन्हें खुद कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह फोन करके परेशान कर रहे हैं। लेकिन वे नीतीश के साथ हैं और रहेंगी। वहीं, प्रदेश राजद अध्यक्ष डाॅ. रामचन्द्र पूर्वे ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलकर जदयू और महागठबंधन का नेता चुने जाने पर बधाई दी है। उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद ने धर्मनिरपेक्ष शक्तियों की मजबूती के लिए जो प्रयास किया था, उसको आगे बढ़ाने में नीतीश जी सफल रहेंगे। असामजिक न्याय के तहत गरीब, शोषित, वंचित, दलित, महादलित, पिछड़ा, अतिपिछड़ा, अल्पसंख्यक एवं प्रबुद्धजनों में इस बात की खुशी है कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य में विकास की गति को नया आयाम मिलेगा। डाॅ. पूर्वे ने नीतीश कुमार को गुलदस्ता देकर पार्टी की ओर से स्वागत किया। इस अवसर पर प्रदेश प्रवक्ता एजाज अहमद, भाई अरुण कुमार, मनोज कुमार सिंह, सत्येन्द्र पासवान, पटना जिलाध्यक्ष देवमुनी सिंह यादव, चन्देश्वर प्रसाद सिंह, इं. रविन्द्र कुमार यादव सहित बड़ी संख्या में राजद नेता एवं कार्यकर्ताओं ने भी उन्हें गुलाब का फूल देकर स्वागत किया।
राजनीतिक सरगर्मियों का केंद्र बना रहा पूर्व मुख्यमंत्री का अावास
प्रदेश राजद अध्यक्ष रामचंद्र पूर्वे के नेतृत्व में कई राजद नेता नीतीश कुमार को बधाई देने उनके घर पहुंचे।