- Hindi News
- जमीन पर हर हाल में कब्जा दिलाएगी सरकार : व्यासजी
जमीन पर हर हाल में कब्जा दिलाएगी सरकार : व्यासजी
महादलितोंको आवास के लिए दी गई भूमि पर सरकार हर हाल में कब्जा दिलाएगी। वैसे लोग जिनको जमीन से बेदखल कर दिया गया है, उन्हें अगले साल 31 मार्च तक कब्जा दिला दिया जाएगा। ये बातें राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के प्रधान सचिव व्यासजी ने रविवार को दलित अधिकार मंच द्वारा राजधानी में राज्य स्तरीय भूमि अधिकार एवं एडवोकेसी पर आयोजित दो दिवसीय कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहीं।
उन्होंने कहा कि सूबे के 38 जिलों में ढाई लाख परिवार आवासविहीन थे। इन सभी को जमीन देने के बाद 25 हजार परिवार आवासहीन हैं। शेष परिवारों को भी भूमि उपलब्ध कराई जाएगी। बिहार राज्य भूदान यज्ञ कमेटी के अध्यक्ष शुभ मूर्ति ने कहा कि अभी तक भूदान के माध्यम की ओर से 50 हजार महिलाओं को जमीन दिया गया है। उन्होंने सरकार से भी हदबंदी, गैर मजरुआ भूमि, गैर मजरुआ आम भूमि और वासगीत पर्चा महिलाअों के नाम से देने की मांग की। दलित अधिकार मंच के प्रदेश अध्यक्ष कपिलेश्वर राम ने कहा कि सरकार आवासहीनों को घर का अधिकार कानून को तोहफा के रूप में दे। कार्यशाला में नवल भगत,शिवधारी, विद्या सागर, सुजीत कुमार, सुलेखा देवी, लालवचन राम, दीपचंद दास, साधु दास, सुमित्रा देवी ने भाग लिया।