पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • जोर का हल्ला...फ्री हिट पर मांझी मार दिए छक्का...

जोर का हल्ला...फ्री हिट पर मांझी मार दिए छक्का...

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
दूसरे दिन का मैच देखने के लिए नीतीश और मांझी के घर के बाहर सुबह से ही दर्शकों की भीड़ जुटने लगी

भास्कर लाइव

अतुल उपाध्याय|पटना @Atuljiupadhyaya

मांझी और नीतीश टीम के बीच पॉलिटिकल मैच का दूसरा दिन इतना रोमांच होगा, इसका अंदाजा शायद ही किसी को था। शुक्रवार को पहले दिन का खेल समाप्त होने के बाद शनिवार को दूसरे दिन का मैच देखने के लिए नीतीश और मांझी के घर के बाहर सुबह से ही दर्शकों और समर्थकों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। शुक्रवार से पूरे रौ में बैटिंग कर रहे मांझी शनिवार को राजनीति की पिच पर क्या कमाल दिखाएंगे? यह देखने-जानने और सुनने के लिए कार्यकर्ता से लेकर बड़े नेता सब बेचैन थे।

मांझी-नीतीश के आवास में टोही नेताओं का रह-रह कर आना-जाना शुरू हुआ। अचानक हल्ला हुआ कि मांझी बैटिंग करने नीतीश के घर जा पहुंचे! कयास, अटकल और धड़कन सब तेज। जिसे देखिए उंगली का नाखून चबाता नजर आने लगा। क्या होगा? मांझी जी जानबूझ के अपना विकेट दे देंगे का? कोई कहता-लग रहा है तो कोई कहता-न अइसे कइसे! मंझल खिलाड़ी हैं..। जैसे-जैसे समय बीत रहा था वैसे-वैसे नेताओं-कार्यकर्ताओं की बेचैनी उनके चेहरे पर प्रतिबिम्बित होने लगी। अचानक हल्ला हुआ मांझी आउट (इस्तीफा) होने वाले हैं! इस खबर के फैलते ही जो जहां था वहीं कलबल-कलबल में लग गया। अर्रे...अर्रे...कल तो बड़ा ताबड़तोड़ बैट भांज रहे थे। दू गो विकेट (मंत्रियों की बर्खास्तगी) भी गिरा दिए थे.. आज नीतीश जी वाला बाउंसर से डर गए का..। तरह-तरह के विचार-हां हमको तो लगता है कि मैच फिक्स हो गया...डिक्लेयर कर देंगे पक्का..। इसी बीच हल्ला बोल समर्थकों की भीड़ बांस के फट्‌ठी में नीतीश कुमार का फोटो वाला झंडा लटकाए पहुंच गई...। भी मांझी जी के क्षेत्र गया से..। होने लगी नारेबाजी-विकास है अभी अधूरी..नीतीश कुमार हैं जरूरी...। पांच मिनट गेट पर नारेबाजी फिर हांफ कर सड़क के दूसरे किनारे पर चुकेमुके बैठ गए...। इतने में अचानक नीतीश के घर का बड़ा फाटक खुला...हॉर्न दबाए ड्राइवर जिप्सी को लहरिया कट अंदाज में लेकर निकला। पीछे पूरा काफिला...अरे..अरे...मांझी जी...मांझी जी...निकल गए-निकल गए...। हंस रहे थे..हमको दांत दिखा है...सीरियस नहीं थे...। लेकिन मीडिया से कुछ बोले नहीं...। इधर मांझी निकले उधर कुछ ही देर बाद हल्ला हुआ नीतीश ने नो बॉल फेंक दिया था...मांझी बच गए...। तमाम कयासों, अटकलों और बढ़ी धड़कन के बीच फिर जोर का हल्ला...ले...लोट्‌टा ...मांझी जी फ्री हिट पर मार दिए छक्का...। दरअसल, नीतीश के आवास से मुस्कुराते निकले मांझी सीधे 1 अणे मार्ग में कैबिनेट की बैठक में पहुंचे थे और वहां विधानसभा भंग करने का प्रस्ताव चुका था...। ल..ल..पंद्रह गो विकेट (मंत्रियों की बर्खास्तगी) भी गिरा दिए...! मैच अभी चालू आहे...।