- Hindi News
- रवींद्र राय को विधानसभा में जाने से रोका, धक्कामुक्की
रवींद्र राय को विधानसभा में जाने से रोका, धक्कामुक्की
पूर्वविधायक रवींद्र यादव को विधानसभा में घुसने से मार्शलों ने रोक दिया। बुधवार को हुए इस घटनाक्रम के दौरान राय और मार्शलों में धक्कामुक्की तक हो गई। कुछ देर के लिए विधानसभा में इस वजह से हंगामे का आलम रहा।
राज्य में जारी सत्ता-संग्राम की वजह से विधानसभा की सुरक्षा इन दिनों सख्त है। स्पीकर ने उन बागी विधायकाें के विधानसभा में प्रवेश की मनाही दे रखी है, जिन्हें पूर्व विधायकों को देय सुविधा से वंचित रखा गया है।
मार्शल के रोके जाने पर रवींद्र राय जोर-जोर से बाेलने लगे- कोई कैसे उन्हें अंदर आने से रोकेगा? किसका आदेश है? कहां आदेश है? स्पीकर कौन होते हैं, उन्हें रोकने वाले। मैं विधायक रहा हूं, हाईकोर्ट की एकल पीठ ने स्पीकर द्वारा उनकी सदस्यता समाप्त करने के आदेश को गलत ठहरा निरस्त कर दिया है। डबल बेंच ने रोक भी नहीं लगाई है। इतने में विधानसभा के प्रभारी सचिव हरेराम मुखिया अपने कक्ष से बाहर आए और रवींद्र राय को फटकार लगाई। बोले- अाप अनधिकृत प्रवेश नहीं कर सकते। हमें तब कानूनी कार्रवाई करनी होगी। सुरक्षाकर्मियों को हिदायत दी, इन्हें बाहर करो। तब तक रवींद्र राय और मार्शल के बीच धक्का-मुक्की हो रही थी। एक दर्जन से अधिक सुरक्षाकर्मियों ने रवींद्र राय को पोर्टिको तक जबरन पहुंचा दिया। इस बीच पवन जायसवाल स्पीकर को हटाने का संकल्प पत्र स्पीकर को सौंपने उनके कक्ष की ओर बढ़े। स्पीकर नहीं थे। लौटकर कहा कि अब वह इसे ई-मेल करेंगे। उन्होंने स्पीकर के विरुद्ध पक्षपात करने का भी अारोप किया। प्रवेश द्वार पर हंगामा जारी था। वहां मांझी समर्थक जदयू विधायक राजीव रंजन और सुमित कुमार डटे थे। राजीव रंजन ने कहा कि कल से आज तक 11 बार उन्होंने स्पीकर से मिलने का प्रयास किया, पर विफल रहे। उधर, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता योगेंद्र पासवान ने रवींद्र राय के मसले पर कहा कि यह असंवैधानिक है। विधानसभा अध्यक्ष पर मनमानी का आरोप पासवान ने लगाया।
पहले तो रवींद्र राय और मार्शल ने एक-दूसरे को उंगली दिखाई। विधायक राजीव रंजन भी वहीं मौजूद थे। बाद में धक्कामुक्की हुई और राय जबरन निकाल दिए गए।