मेडिकल छात्र ने किया था अपहरण का ड्रामा
48 घंटे की तफ्तीश के बाद शनिवार को पटना पुलिस ने मेडिकल छात्र अमित की संगीन करतूतों की पोल खोली। औरंगाबाद के दादर गांव का अमित रूस के किर्गिस्तान में मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस थर्ड ईयर का छात्र है। वह पीएमसीएच से इंटर्नशिप कर रहा था पर अचानक फिल्मी स्टाइल में अपने ही अपहरण का ड्रामा करके उसने पुलिस परिजनों के होश उड़ा दिए थे। अमित के मुताबिक, राजधानी में उसकी मुलाकात अभिषेक, कुणाल और रवि से हुई। इन तीनों ने उसे शर्त के साथ ऑफर दिया कि तुम्हंे एमसीआई का इम्तिहान पास करा देंगे पर इसके बदले कुछ और लड़कों (छात्रों) को लाना होगा। वह उन तीनों के साथ एमसीआई का ऑफिस देखने बंगाल जा रहा था। सवाल यह है कि अगर वह कोलकाता जा रहा था तो अपने अपहरण का नाटक क्यों किया? एसएसपी मनु महाराज के मुताबिक, फोन पर अमित परिजनों को लगातार यह कहता रहा कि उसे अगवा करके पटना से बाहर एक कमरे में बंद करके रखा गया है। एसएसपी के निर्देशन में पुलिस टीम ने अमित को जमालपुर रेलवे स्टेशन से बीते शुक्रवार को बरामद किया था। अमित की बातों से स्पष्ट है कि एमसीआई की परीक्षा पास करने के लिए वह जालसाजों के जाल में फंसा था।