- Hindi News
- शिफ्टवाइज चलने वाले स्कूलों के लिए जगह तलाशेगा प्रशासन
शिफ्टवाइज चलने वाले स्कूलों के लिए जगह तलाशेगा प्रशासन
शिफ्टवाइजचलने वाले स्कूलों में आने वाली समस्याओं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने को लेकर विशेष कार्यक्रम तैयार किया जा रहा है।
बेहतर शैक्षणिक माहौल के लिए स्कूलों को अपने भवन में स्थापित कराना जरूरी है। प्रशासन का कहना है कि शिक्षकों को अब पहले शिक्षा पर पूरा जोर देना होगा। इसके बाद ही वे अन्य कार्यों को पूरा कराएंगे। सरकारी स्कूलों की समीक्षा के क्रम में डीएम मनीष कुमार वर्मा के समक्ष कई स्कूल परिसर में तीन-तीन स्कूलों के चलाए जाने का मामला सामने आया।
वीरचंद पटेल पथ पर एक बड़े स्कूल परिसर में तीन स्कूल चलते हैं। इसी प्रकार मीठापुर में एक छोटे परिसर में तीन और तारामंडल के पास एक परिसर में पांच स्कूलों का संचालन हो रहा है।
डीएम ने इस मामले को गंभीर माना है। उन्होंने नगर क्षेत्र के सभी स्कूलों की आधारभूत संरचना, नामांकित छात्रों की संख्या, वास्तविक रूप से उपस्थित छात्रों की संख्या और छात्र के अनुपात में शिक्षकों की संख्या का प्रतिवेदन तैयार कर प्रशासन के समक्ष पेश करने का निर्देश दिया।
डीएम ने कहा कि कई स्कूलों में शिक्षकों की संख्या छात्रों की संख्या के अनुपात से काफी ज्यादा है। इस स्थिति में विद्यार्थियों की संख्या के आधार पर ही शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। डीएम ने कहा कि अगर दो स्कूलों में छात्रों की संख्या कम है और वे एक ही कैंपस में चल रहे हैं तो उन्हें समायोजित करने पर भी विचार किया जा सकता है। डीएम ने स्कूलों में शैक्षणिक माहौल को बेहतर बनाने के लिए प्रधानाचार्यों को जिम्मेदार बनाने का आह्वान किया। उन्होंने साफ कहा कि प्रधानाचार्य सभी शिक्षकों की शिक्षण पद्धति की जानकारी हासिल करें। अगर उनकी शिक्षण की गुणवत्ता सही नहीं है, तो प्रधानाचार्य उनके खिलाफ कार्रवाई करें। डीएम ने कहा कि शिक्षक खुद को बेहतर बनाने का प्रयास करें क्योंकि प्रशासन अब शिक्षा के मामले में किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं करेगा।