पीएमसी में कमी देखने आई एमसीआई टीम
पटनामेडिकल कॉलेज में बढ़ी सीटों की जरूरी सुविधाओं का निरीक्षण सोमवार को मेडिकल काउंसिल आफ इंडिया की टीम ने किया। एमसीआई की दो सदस्यीय टीम फैकल्टी सदस्यों का फिजिकल वेरीफिकेशन किया। उनके कागजात आदि देखे। इसके अलावा अन्य कमियों की कितनी भरपाई हुई है उसकी जानकारी ली और निरीक्षण किया।
पीएमसी में एमबीबीएस की 50 सीट बढ़ी है। पहले 100 सीट एमबीबीएस की थी 50 बढ़ाई गई है। पीएमसी में फिलहाल 150 सीट है। इतने सीट के लिए कुछ कमियां थी।
सरकार के अंडरटेकिंग देने पर नामांकन की अनुमति मिली थी। कमियों को पूरा करने के लिए एमसीआई ने समय-सीमा निर्धारित की थी। उन्हीं कमियों का निरीक्षण करने के लिए एमसीआई की दो सदस्यीय टीम निरीक्षण करने आई है। इसकी पुष्टि प्राचार्य डॉ. एसएन सिन्हा ने की। प्राचार्य की माने तो तय गाइडलाइन के तहत काफी हद तक कमियों को पूरा कर लिया गया है। हालांकि अभी कुछ कमी रह गई है। मुख्य रूप से कुछ विभागों में फैकल्टी की कमी अभी भी बरकरार है। पीएसएम विभाग में एसोसिएट प्रोफेसर, एनाटोमी विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर, आर्थोपेडिक्स विभाग में प्रोफेसर की कमी है। यह जानकारी विभाग को भी दी गई है।
इस बार राज्य के प्राय सभी मेडिकल कालेज को अंडरटेकिंग पर इस बार एमबीबीएस में नामांकन की अनुमति एमसीआई ने दी है। सभी मेडिकल कालेज में बढ़ी सीट के मुताबिक कुछ कुछ कमी थी। जिसे पूरा करने के लिए सरकार के प्रधान सचिव को दिल्ली जाकर अंडरटेकिंग देनी पड़ी थी। इसके बाद एमसीआई ने बढ़ी सीटों पर नामांकन की अनुमति दी है। उन्हीं कमियों की निरीक्षण एमसीआई की टीम करना शुरू की है।