- Hindi News
- प्रतिभा खोज प्रतियोगिता 7 नवंबर को, कमेटी बनाएगी प्रश्नपत्र
प्रतिभा खोज प्रतियोगिता 7 नवंबर को, कमेटी बनाएगी प्रश्नपत्र
प्रमंडलस्तरीय प्रतिभा खोज प्रतियोगिता की तैयारियां शुरू कर दी गई है। सात नवंबर को प्रमंडल स्तर पर प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे। इसका आयोजन जनसंपर्क विभाग की ओर से चलाए जा रहे प्रचारात्मक कार्यक्रमों के तहत किया जा रहा है। इसके तहत छात्र-छात्राओं के बीच कई तरह की प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता के लिए प्रश्न पत्रों को तैयार करने और प्रतिभागियों के मूल्यांकन के लिए प्रमुख विद्यालय के प्राचार्यों द्वारा नामित शिक्षकों की कमेटी गठित करने का निर्णय लिया गया है।
प्रमंडलीय आयुक्त डाॅ. एन विजया लक्ष्मी की अध्यक्षता में हुई बैठक में निर्णय लिया गया कि जिलों में जिलास्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 20 सितंबर तक हर हाल में किया जाएगा। आयुक्त ने कहा कि प्रतियोगिता का आयोजन समय पर कर जिला प्रशासन अपने यहां के टॉप तीन अभ्यर्थियों की सूची 30 सितंबर तक प्रमंडल को उपलब्ध करा दें। बैठक में आयुक्त ने कहा कि प्रतिभा प्रतियोगिता में बिहार के इतिहास, संस्कृति, सामान्य ज्ञान और भाषा वर्तनी संबंधी 50 अंकों की वस्तुनिष्ठ परीक्षा ली जाएगी। इसके अलावा प्रतिभागियों को दिए गए तीन विषयों में से किसी एक पर 45 मिनट में 400 शब्दों में निबंध या अपने विचार लिखने होंगे। साथ ही, उन्हें पांच मिनट का समय किसी एक विषय पर बोलने के लिए दिया जाएगा।
तीन प्रतिभागियों को मिलेगा पुरस्कार
प्रमंडलस्तर पर गठित निर्णायक मंडल द्वारा प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया जाएगा। इस प्रकार प्रतिभागियों के समेकित प्रदर्शन और उपलब्धियों के आधार पर प्रमंडल स्तर पर चयनित सर्वश्रेष्ठ तीन प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा। अन्य सभी प्रतिभागियों को प्रतिभागिता प्रमाण पत्र के साथ प्रोत्साहन पुरस्कार दिए जाएंगे। बैठक में आयुक्त के सचिव अजय कुमार, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के उप निदेशक केके उपाध्याय, क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशक चंद्रशेखर कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी महेश प्रसाद सिंह के साथ-साथ केंद्रीय विद्यालय कंकड़बाग, सेंट माइकल्स हाईस्कूल पटना हाईस्कूल के प्राचार्य और बांकीपुर गर्ल्स हाईस्कूल के प्रभारी शिक्षक उपस्थित थे।