- Hindi News
- आईटीआई में जुड़ेंगे नए ट्रेड प्राचार्यों से मांगा प्रस्ताव
आईटीआई में जुड़ेंगे नए ट्रेड प्राचार्यों से मांगा प्रस्ताव
राज्यके औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में आधुनिक रोजगार के हिसाब से ट्रेड बदलने पर श्रम संसाधन विभाग विचार कर रहा है। इस मामले को लेकर मंगलवार को आईटीआई दीघा में समीक्षा बैठक में श्रम संसाधन मंत्री दुलालचंद्र गोस्वामी ने सभी आईटीआई प्राचार्यों को निर्देश दिया कि एक सप्ताह के अंदर प्रस्ताव दें। किस आईटीआई में कौन ट्रेड जोड़े जा सकते हैं और कौन हटाए जा सकते हैं। प्रस्ताव मिलने पर विशेषज्ञों की कमेटी बना कर तय किया जाएगा कि कौन से नए ट्रेड जोड़े जाएंगे।
मंत्री ने कहा कि बाजार आधारित व्यावसायिक कोर्स चलाने की जरूरत है। सरकार की प्राथमिकता है कि अधिक से अधिक युवाओं का कौशल विकास हो, ताकि उन्हें रोजगार मिले। राज्य के सभी आईटीआई को विश्वस्तरीय बनाने को लेकर भी विभाग गंभीर है। निदेशक अजय कुमार चौधरी ने कहा कि देश की अग्रणी कंपनियों के साथ आईटीआई के विकास पर बात हो रही है। बैठक में संयुक्त निदेशक शंकर चौधरी, सहायक निदेशक संजय कुमार, विजय कुमार सहित सभी 65 आईटीआई के प्राचार्य मौजूद थे।