- Hindi News
- अक्टूबर के दूसरे सप्ताह तक तैयार होगा मॉडल पेपर
अक्टूबर के दूसरे सप्ताह तक तैयार होगा मॉडल पेपर
पटना | बिहारविद्यालय परीक्षा समिति स्टूडेंट्स सपोर्ट सिस्टम के तहत मैट्रिक इंटर के मॉडल पेपर तैयार करने की प्रक्रिया को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। पहले इंटर के तीनों संकाय का माडल पेपर बोर्ड तैयार कराएगा। इसके बाद मैट्रिक का माडल पेपर तैयार कराया जाएगा। बिहार बोर्ड के स्तर पर हुई बैठक में मॉडल पेपर को तैयार करने और उसे आम छात्रों के लिए जारी करने पर विशेष विचार किया गया। सदस्यों ने सवाल किया कि पहले मॉडल पेपर देने से विद्यार्थी कहीं पूरी तरह इसी पर निर्भर नहीं हो जाएं। इस पर बोर्ड का मानना है कि विद्यार्थियों ने आठ-नौ माह कोर्स की पढ़ाई की है। मॉडल पेपर में भी पूरे कोर्स का समावेश रहेगा। अगर विद्यार्थी मॉडल पेपर के आधार पर ही अच्छे तरीके से तैयारियों को पूरा करते हैं, तो निश्चित तौर पर वे पूरे सिलेबस को पढ़ लेंगे। इस स्थिति में विषय को जानने समझने का एक विजन भी उनके अंदर विकसित हो जाएगा। बोर्ड के सचिव श्रीनिवास चंद्र तिवारी ने बताया कि शिक्षक भी इस मॉडल पेपर को सफलता के लिए शॉर्टकट नहीं मान रहे हैं।