- Hindi News
- युवाओं को फर्जी नौकरी बांट रहे दो जालसाज गिरफ्तार
युवाओं को फर्जी नौकरी बांट रहे दो जालसाज गिरफ्तार
भारत सरकार के फर्जी वेकेंसी निकाल कर युवाओं को चूना लगाने वाले एक गिरोह के दो जालसाज को बिहटा पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। ये दाेनों डोमिनिया पुल बिहटा स्थित भागवत मार्केट में कार्यालय खोलकर बेरोजगार युवकों को ठग रहे थे। पुलिस ने उसके कार्यालय से फर्जी कॉल लेटर, ज्वाइनिंग लेटर, डाक टिकट, लड़कियों के पासपोर्ट साइज फोटो के साथ उनके द्वारा छपवाया गया फर्जी फॉर्म भी बरामद किया।
यूपी के चंदौली जिले के पसाइन गांव निवासी संतोष राय का बेटा राजू कुमार और एमपी के मंडला जिले के जमुनिया गांव निवासी प्रेम सिंह कुडापे का बेटा गौतम प्रसाद कुडापे शनिवार को भारत सर्विस के फील्ड ऑफिसर का ज्वाइनिंग लेटर लेकर बिहटा पहुंचे। दोनों अंकित पता के आधार पर कार्यालय में पहुंचे। लेकिन यहां कि व्यवस्था देखकर दोनों को शक हुआ। उन्हें लगा कि भारत सरकार की बहाली की प्रक्रिया ऐसे नहीं हो सकती। इसके बाद यूपी के राजू राय ने आसपास के लोगों से पूछताछ की तो कार्यालय का भेद खुल गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों ठग दुर्गा सिंह सुल्तानगंज, पटना और राकेश सिंह राजपुर, बिहटा को गिरफ्तार कर लिया।
लाखों का गोलमाल
कार्यालय खोलकर ठगी करने वाले दो जालसाज पुलिस की गिरफ्त में।
धोखाधड़ी | फर्जी वेकेंसी निकाल कर रहे थे फर्जीवाड़ा
फर्जी काॅल लेटर लेकर नौकरी की तलाश में आया उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश से आए दो युवक।
^दोनों अभियुक्त लाखों का गोलमाल करते थे। एक अभ्यर्थी से कितना लिया जाता है और अब तक कितने लोगों को इन लोगों ने चुना लगाया है। इसका खुलासा गिराेह के मुख्य सरगना की गिरफ्तारी के बाद ही होगा। उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।” संजीतकुमार सिन्हा, थानाध्यक्ष,बिहटा
आरोपियों से पूछताछ में कई चौंकाने वाले सच सामने आए हैं। दोनों की ठगी की फेहरिस्त काफी लंबी है। सरकारी विभाग के फर्जी फॉर्म छपवाकर ये गिरोह बिहार से बाहर दूसरे राज्यों में फॉर्म बेचने वाले दुकानों में पैसा देकर अपना फॉर्म बिकवाते थे। इस तरह फॉर्म खरीद कर छात्र उनकी जाल में फंस जाते थे। पहले उन्हें कॉल लेटर फिर ज्वाइनिंग लेटर भेजा जाता था। दो महीने से ज्यादा इनका ऑफिस एक जगह पर नहीं रहता था।
पूछताछ में चौंकाने वाला सच सामने आया
दो महीने से ज्यादा समय तक आॅफिस एक जगह नहीं रखते