- Hindi News
- डेढ़ माह में आधा दर्जन से ज्यादा ट्रेन डकैतियां
डेढ़ माह में आधा दर्जन से ज्यादा ट्रेन डकैतियां
पूर्वउपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने कहा कि पिछले डेढ़ माह में आधा दर्जन से ज्यादा ट्रेन डकैतियां और ट्रेनों में लूटपाट की घटनाएं हुई हैं। यह बताता है कि बिहार जंगलराज पार्ट-2 की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। एक बार फिर पुराने दिनों की यादें ताजा होने लगी हैं। ट्रेनों में बिहार होकर गुजरने में यात्री सहमने लगे हैं।
बिहटा और कोइलवर स्टेशनों के बीच पटना-कुर्ला एक्सप्रेस में लूटपाट की गई और विरोध करने पर दो यात्रियों को नीचे फेंक दिया गया। इसमें एक यात्री की मौत हो गई। लगातार हो रही ट्रेन डकैती और लूटपाट की घटनाओं से यात्रियों में दहशत हैं। 27 सितंबर को किउल-झाझा रेलखंड पर दानापुर-हावड़ा एक्सप्रेस बिहार-झारखंड की सीमा पर हावड़ा-गया एक्सप्रेस में, जबकि 22 सितंबर को हाजीपुर-कटिहार पैसेंजर ट्रेन में लूटपाट की गई थी। इसके पहले 16 जुलाई को छपरा-टाटा एक्सप्रेस में डकैतों ने महिला को उठाने का प्रयास किया था। 13 जुलाई को दानापुर-हावड़ा एक्सप्रेस में लूट के बाद एक महिला के साथ छेड़छाड़ की गई।
3 जुलाई को रांची-पटना जनशताब्दी एक्सप्रेस 7 अगस्त को पूर्वांचल एक्सप्रेस में भीषण डकैती हुई। मौर्य एक्सप्रेस में यात्रियों की गोली मारकर हत्या कर दी गई और शव को चलती ट्रेन से नीचे फेंक दिया था। मगर इन घटनाओं में आज तक पुलिस एक भी गिरफ्तारी नहीं कर सकी है।