- Hindi News
- नियोजित शिक्षकों के वेतन बढ़ाने पर विचार अगले माह
नियोजित शिक्षकों के वेतन बढ़ाने पर विचार अगले माह
बिहारमें अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर राज्य के साढ़े तीन लाख नियोजित शिक्षकों का नियत वेतन बढ़ना तय दिख रहा है। इस संदर्भ में अगले माह संभवत: 21 अक्टूबर को विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय बैठक होगी। शिक्षा मंत्री वृशिण पटेल ने सोमवार को यहां परिषद सभापति और शिक्षक प्रतिनिधि नेताआें के साथ अनौपचारिक बैठक में नियोजित शिक्षकों के नियत बढ़ाने के संबंध में सरकार की गंभीरता और सहानुभूति से अवगत कराया। बैठक में शिक्षक नेता केदारनाथ पांडेय, संजीव श्याम सिंह और संजीव कुमार सिंह शरीक हुए। परिषद सभापति के अनुसार 12 जुलाई को उन्होंने शिक्षा मंत्री के साथ नियोजित शिक्षकों का वेतन बढ़ाने, वित्त रहित शिक्षण संस्थानों को अनुदान और डिग्री कॉलेजों को घाटानुदान संबंधी मसले पर बैठक की थी। विधान परिषद के पिछले सत्र में इन मसलों पर सदन में चर्चा हुई थी।
विधान पार्षद संंजीव श्याम सिंह ने कहा कि शिक्षा विभाग द्वारा प्राथमिक, मध्य उच्च विद्यालयाें में शिक्षकों के वेतनमान वाले पदों को समाप्त किए जाने से शिक्षक अल्प वेतनभाेगी हो गए हैं। प्राथमिक स्कूलों में वेतनमान वाले 1.75 लाख और उच्च विद्यालयों में 40 हजार पद समाप्त कर नियोजित शिक्षक नियुक्त हो रहे हैं।